मगलाना टोल पर हंगामा : 15 गाड़ियां बैरियर तोड़कर भागी, टोल कर्मियों को धमकाने के आरोप,कुचामन पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच


किशनगढ़–हनुमानगढ़ मेगा हाइवे पर स्थित मगलाना टोल प्लाजा पर बीती रात बड़ी घटना सामने आई। देर रात करीब 15 वाहन चालक बिना टोल चुकाए बैरियर तोड़कर निकल गए। इस दौरान टोल कर्मियों ने विरोध जताया तो गाड़ी चालकों ने उन्हें धमकियां तक दे डालीं। घटना से टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टोल मैनेजर नरेश सिंह ने इस मामले में कुचामन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि वाहन चालकों द्वारा बूम बैरियर तोड़ने से टोल प्लाजा के यंत्र और सेंसर क्षतिग्रस्त हो गए। इतना ही नहीं, कुछ वाहन चालक पहचान छुपाने के लिए दूसरे वाहनों की नंबर प्लेट लगाकर भी निकलते पाए गए।

थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, बैरियर तोड़ने और धमकी देने की यह घटना संगठित तरीके से अंजाम दी गई। कुचामन थाना प्रभारी सतपाल सिंह सिहाग ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल पर इस तरह की घटनाएं आए दिन हो रही हैं, जिससे न केवल टोल कंपनी को नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी असर पड़ता है। वहीं पुलिस प्रशासन का दावा है कि इस बार दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

error: News 1 Rajasthan