रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए जितेंद्र सिंह जोधा हुए सक्रिय, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से की मुलाकात

भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे जितेंद्र सिंह जोधा ने राजधानी दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से शिष्टाचार भेंट की। शिष्टाचार भेंट का मकसद डीडवाना और आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं को बढ़ावा देना और आमजन को यातायात सुविधा उपलब्ध कराना रहा।

डीडवाना-जयपुर रेल मार्ग की मांग

जितेंद्र सिंह जोधा ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट कर कहा कि डीडवाना, जो हाल ही में नए जिका बना है, उसके सर्वांगीण विकास के लिए रेल सुविधाओं में विस्तार जरूरी है। उन्होंने बताया कि डीडवाना से लोसल होते हुए रिंगस तक रेल मार्ग का सर्वे पहले ही हो चुका है।

चूंकि जयपुर मात्र 160 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, ऐसे में इस रेल सेवा की शुरुआत से व्यापारियों, छात्रों और रोजाना जयपुर जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
ओम बिरला ने उन्हें आश्वासन दिया कि डीडवाना-जयपुर रेल मार्ग की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे और जल्द ही इस विषय पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

खुनखुना स्टेशन पर ठहराव बहाल करने की अपील

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मिलकर जितेंद्र सिंह जोधा ने खुनखुना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव पुनः शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कोरोना काल से पहले यहां सभी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव होता था, लेकिन महामारी के बाद यह बंद कर दिया गया। इससे आमजन और सेना के जवानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि खुनखुना न केवल व्यापारिक दृष्टि से बल्कि सामरिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है।

इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग दिल्ली और जोधपुर के बीच प्रतिदिन यात्रा करते हैं। यदि दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का ठहराव खुनखुना स्टेशन पर बहाल हो जाता है तो आसपास के गांवों के लोगों को भी सुविधा मिलेगी।रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भरोसा दिलाया कि खुनखुना स्टेशन पर दिल्ली आने-जाने वाली ट्रेनों का ठहराव पुनः सुनिश्चित किया जाएगा।

error: News 1 Rajasthan