कुचामन सिटी की सांस्कृतिक धरोहर और लोक परंपराओं को जीवंत करने के मकसद से कुचामन सिटी में पहली बार ऊँट-घोड़ी नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन समस्त अश्व पालक, कुचामन सिटी की ओर से किया जा रहा है।

यह अनोखी प्रतियोगिता सोमवार, 6 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12:15 बजे से कुचामन सिटी के पांचवा रोड, डूकिया पेट्रोल पंप के सामने स्थित मैदान में शुरू होगी। आयोजन समिति से जुड़े सरवर इलाइ और बाबू इलाइ ने बताया कि इस ऐतिहासिक आयोजन का मकसद न सिर्फ परंपरा को संजोना है बल्कि नई पीढ़ी को भी लोक संस्कृति से जोड़ना है।

विशेष अतिथि के रूप में नगर परिषद सभापति आसिफ खान,समाजसेवी आरिफ खान, डॉ. गोविन्द चौधरी, दानाराम राठी और वरिष्ठ पत्रकार अयूब शेख रहेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आने वाले प्रतिभागी को 5100, द्वितीय को 3100 और तृतीय को 2100 रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
वरिष्ठ पत्रकार अयूब शेख ने इस आयोजन के बारे में कहा कि कुचामन सिटी की पहचान हमेशा से अपनी अनूठी संस्कृति और लोक परंपराओं से रही है। पहली बार होने जा रही यह प्रतियोगिता न सिर्फ पशुपालकों के उत्साह को बढ़ाएगी बल्कि शहर की गौरवशाली विरासत को भी नई ऊर्जा देगी। उन्होंने कहा कि अश्व नृत्य राजस्थान की आन-बान और शान का प्रतीक है, और कुचामन जैसे ऐतिहासिक शहर में इसका आयोजन होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में कुचामन सिटी की किसी भी घोड़ी और ऊँट को इनाम नहीं दिया जाएगा।
कुचामन सिटी में इस पहली बार होने वाली ऊँट-घोड़ी नृत्य प्रतियोगिता को लेकर नागरिकों और अश्व प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। आयोजन स्थल पर भारी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
