आकोदा बनेगा खेल नगरी का केंद्र : पहली राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता 30 सितम्बर से, 1200 बालिका खिलाड़ी होंगी शामिल
डीडवाना-कुचामन को पहली बार मिली राज्य स्तरीय विद्यालयी प्रतियोगिताओं की मेज़बानी ।

डीडवाना-कुचामन जिले को पहली बार विद्यालयी राज्य स्तरीय खेलों की मेज़बानी मिली है। जिले में चार बड़े खेल आयोजन होने जा रहे हैं जिनमें कबड्डी, क्रिकेट और खो-खो प्रतियोगिताएं शामिल हैं। खास बात यह है कि सभी आयोजन एक ही सत्र में हो रहे हैं, जिससे जिले की खेल प्रतिभाओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।
कबड्डी में दम दिखाएंगी 1200 बालिका खिलाड़ी
आकोदा स्थित शिशु विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की कबड्डी प्रतियोगिता 30 सितम्बर से शुरू होगी। इस आयोजन में प्रदेशभर से करीब 1200 बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के लिए आठ मैदान तैयार किए गए हैं, जो राष्ट्रीय स्तर के मानकों पर खरे उतरते हैं।

शिक्षा विभाग ने ली तैयारियों की कमान
जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह और उप जिला खेल अधिकारी राजेश चौधरी लगातार प्रतियोगिता स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं। आज दोनों अधिकारी आकोदा पहुंचे और मैदानों, आवास और भोजन व्यवस्था का जायजा लिया। डीईओ अजीत सिंह ने कहा कि यह आयोजन जिले के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि 75 शारीरिक शिक्षकों की टीम गठित कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
ग्रामीण अंचल में भव्य आयोजन पर गर्व
उप जिला खेल अधिकारी राजेश चौधरी ने कहा कि आकोदा जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर की प्रतियोगिता होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कबड्डी हमारी पारंपरिक खेल धरोहर है और इस आयोजन से इसका महत्व और बढ़ेगा।

संयोजक और प्रशिक्षक का भरोसा
प्रतियोगिता संयोजक उगमा राम चौधरी ने बताया कि लगभग 300 लोगों की अलग-अलग टीम बनाकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि आवास, परिवहन, भोजन और खेल सुविधाएं सभी उत्कृष्ट स्तर पर रहेंगी। जिला कबड्डी टीम के प्रशिक्षक नानू राम चौधरी ने कहा कि हमारी टीम जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी और पदक हासिल करने की पूरी कोशिश करेगी।
स्थानीय शिक्षकों और समाज का सहयोग
प्रतियोगिता की तैयारियों में शारीरिक शिक्षक दातार सिंह लगातार निगरानी कर रहे हैं। वहीं जिला संघ सचिव वासूदेव बलारा, लिक्षमन सिंह राठौड़, कुशाला राम, सुनील साहरण, पुष्पेंद्र महला, पारस परिहार, जसवीर सिंह, रामदेव ज्यानी, नानू राम, निशा सोनी सहित कई शारीरिक शिक्षक सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। स्थानीय लोगों में भी इस आयोजन को लेकर उत्साह और जोश चरम पर है।

