शिव गांव में सम्पन्न हुई 69वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता, जसवंतगढ़, सबलपुरा, निमोद और शिव ने जीते खिताब

शिव गांव में सम्पन्न हुई 69वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता,

जसवंतगढ़, सबलपुरा, निमोद और शिव ने जीते खिताब

कुचामन सिटी के शिव गांव में आयोजित 69वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 आयु वर्ग छात्र-छात्रा बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को भव्य समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन हाल ही में बने नवनिर्मित वातानुकूलित इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, शिव में किया गया, जिसकी खिलाड़ियों और टीम प्रभारियों ने खूब सराहना की।

समापन समारोह में हुआ सम्मान

समापन अवसर पर पंचायत समिति कुचामन सिटी की प्रधान सुश्री सविता चौधरी मुख्य अतिथि रहीं, जबकि भाजपा युवा नेता आशीष चौधरी, रामनिवास पोषक दीपपुरा, एसीबीईओ दिनेश सिंह प्रथम, संयोजक एवं प्रधानाचार्य अर्जुन राम चौधरी और ग्राम पंचायत शिव के प्रशासक लालाराम अणदा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद निर्णायकों, प्रतिनियुक्त शिक्षकों और सहयोग देने वाले भामाशाहों को भी सम्मानित किया गया।

टीम स्पर्धाओं के नतीजे

टीम स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। 17 वर्ष आयु वर्ग की छात्र प्रतियोगिता में शिव की टीम ने बाज़ी मारी, जबकि उपविजेता मॉडल स्कूल लाडनू रहा। इसी आयु वर्ग की छात्रा स्पर्धा में निमोद की बेटियों ने जीत दर्ज की, जबकि शिव की टीम दूसरे स्थान पर रही।
19 वर्ष आयु वर्ग में भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला। छात्र वर्ग में सबलपुरा की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि शिव की टीम उपविजेता रही। वहीं छात्रा वर्ग में जसवंतगढ़ की टीम ने विजय हासिल की और उपविजेता का खिताब निमोद को मिला।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में चमके खिलाड़ी

व्यक्तिगत प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। 17 वर्ष छात्र वर्ग में मौलासर के दिक्षांत विजेता बने, जबकि शिव के रमेश कुमावत उपविजेता रहे। छात्रा वर्ग में निमोद की पूजा लोरा ने पहला स्थान पाया और उनकी ही साथी कोमल कंवर दूसरे स्थान पर रहीं।
इसी तरह 19 वर्ष छात्र वर्ग में मौलासर के विकास सोमानी विजेता बने और सबलपुरा के कमल उपविजेता रहे। छात्रा वर्ग में जसवंतगढ़ की खुशी पुनीया ने खिताब जीता, जबकि निमोद की सुनीता उपविजेता बनीं।

खिलाड़ियों और आयोजन की सराहना

मुख्य अतिथि सुश्री सविता चौधरी ने प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा करते हुए ध्वज अवतरण किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और ग्रामवासियों के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।

संयोजक एवं प्रधानाचार्य अर्जुन राम चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन बेहद सफल और ऐतिहासिक रहा। उन्होंने ग्रामवासियों, निर्णायकों, भामाशाहों, प्रतिनियुक्त कार्मिकों और स्टाफ का आभार जताते हुए कहा कि शिव गांव ने खिलाड़ियों के लिए जिस तरह भोजन, जलपान और आवास की व्यवस्था की, वह सराहनीय है।

error: News 1 Rajasthan