डीडवाना में शुरू हुआ ‘जीएसटी 2.0 बचत उत्सव’,मंत्री कन्हैयालाल चौधरी बोले – सुधारों से 8-10% तक घटेगी महंगाई, उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

डीडवाना में शुरू हुआ ‘जीएसटी 2.0 बचत उत्सव’

मंत्री कन्हैयालाल चौधरी बोले – सुधारों से 8-10% तक घटेगी महंगाई, उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

त्योहारों से ठीक पहले केन्द्र सरकार ने जनता को बड़ा तोहफा दिया है। 22 सितंबर से लागू हुए जीएसटी सुधारों को लेकर देशभर में चर्चा है और इसी कड़ी में नागौर जिले के डीडवाना से ‘जीएसटी 2.0 बचत उत्सव’ की शुरुआत हुई। प्रभारी मंत्री एवं जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने इस अभियान का आगाज करते हुए दावा किया कि सुधारों से महंगाई में 8 से 10 प्रतिशत तक की गिरावट आएगी।

रोडवेज बस स्टैंड से बाजार तक संवाद

मंत्री कन्हैयालाल चौधरी बुधवार को डीडवाना पहुंचे, जहां उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड परिसर और स्थानीय बाजार में व्यापारियों व आमजन से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने “नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी” की जानकारी साझा करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने टैक्स दरों में बड़ी कटौती कर हर वर्ग को राहत पहुंचाई है । मंत्री चौधरी ने कहा कि “डेली यूज प्रोडक्ट्स पर टैक्स घटने से महंगाई कम होगी और उपभोक्ताओं की क्रय शक्ति में इजाफा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टैक्स स्लैब घटाकर हर वर्ग को दिवाली का उपहार दिया है।”

हर वर्ग को होगा फायदा

मंत्री चौधरी ने आगे कहा कि जीएसटी 2.0 सुधार केवल व्यापारियों के लिए ही नहीं बल्कि हर वर्ग के लिए लाभकारी साबित होंगे। उन्होंने दावा किया कि इन सुधारों से देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी तथा उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा।

उपभोक्ताओं को दी गई नई सुविधा

मकराना जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त बसंत सिंह ने बताया कि लोगों को सुधारों की जानकारी देने के लिए देशभर में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार जीएसटी सुधारों के अनुसार सही कीमत पर सामान उपलब्ध नहीं कराता, तो उपभोक्ता इसकी शिकायत टोल फ्री नंबर या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कर सकता है।इस अवसर पर वसंत सिंह ने कहा कि “सरकार चाहती है कि हर उपभोक्ता को सही कीमत पर सामान मिले और कोई भी व्यापारी मनमानी न कर सके।”

जिला प्रशासन और भाजपा पदाधिकारी भी रहे मौजूद

इस मौके पर जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत, पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़, भाजपा नेता जीतेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश लील और पवन टाक सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैकग्राउंड: क्या है जीएसटी 2.0 सुधार?

22 सितंबर से लागू हुए जीएसटी 2.0 सुधारों में रोजमर्रा की जरूरत के सामानों पर टैक्स दरें घटाई गई हैं। इसका सीधा असर महंगाई पर पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि सुधारों के बाद उपभोक्ताओं को 8-10% तक का लाभ मिल सकता है। वहीं, सरकार का दावा है कि इससे अर्थव्यवस्था की रफ्तार तेज होगी और मार्केट में उत्साह का माहौल बनेगा।

error: News 1 Rajasthan