नावां शहर में आगामी 8 अक्टूबर को बजरंग दल स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य हनुमान चालीसा पाठ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी कड़ी में रविवार को सांगलिया पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 संत ओम दास जी महाराज को आयोजन समिति की ओर से विशेष आमंत्रण प्रदान किया गया। आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि स्वयं सांगलिया पीठ पहुंचे और पीठाधीश्वर से विनम्र निवेदन कर कार्यक्रम में सादर उपस्थित रहने का आग्रह किया।

आमंत्रण स्वीकार करते हुए संत ओम दास जी महाराज ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि “हनुमान चालीसा पाठ का पावन आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश है। मैं निश्चित रूप से इस आयोजन में पहुंचूंगा और प्रभु श्रीराम के परमभक्त हनुमानजी की कृपा का लाभ सभी श्रद्धालुओं के साथ साझा करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि सामूहिक रूप से किए गए पाठ का पुण्य अनंतगुणा बढ़ जाता है और इस आयोजन से नगर में भक्ति, उत्साह और एकता का संदेश दूर तक जाएगा।

इस अवसर पर कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं में आयोजन को लेकर गहरा उत्साह दिखाई दे रहा है और तैयारियों को भव्य रूप देने में सभी जुटे हुए हैं।

8 अक्टूबर को होने वाला यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम होगा। अनुमान है कि हजारों श्रद्धालु एक साथ श्री हनुमान चालीसा का पाठ कर पुण्य अर्जित करेंगे और इस दिव्य माहौल का हिस्सा बनेंगे।
