ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक विद्यालयी प्रतियोगिता (11 वर्षीय) 2025-26 का भव्य आयोजन गुरुवार को यंगेस्ट नॉलेज पावर स्कूल, कुचामन सिटी में हुआ, जिसमें ब्लॉक की करीब 50 टीमों और लगभग 300 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया। पूरे दिन चले इस उत्साहपूर्ण आयोजन में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया और दर्शकों ने तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।

यंगेस्ट नॉलेज पावर स्कूल का शानदार प्रदर्शन
मेजबान यंगेस्ट नॉलेज पावर स्कूल की टीमों ने प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल दिखाते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। छात्र वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर परचम लहराया, हालांकि कबड्डी में शानदार खेल दिखाने के बावजूद द्वितीय स्थान पर संतोष करना पड़ा। इसके अलावा खो-खो (बालिका वर्ग) और 4×100 मीटर रिले दौड़ में विद्यालय की टीमों ने तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जिम्नास्टिक में भी यंगेस्ट स्कूल के प्रियांशु ने तीसरा स्थान हासिल किया और विद्यालय के खाते में एक और पदक जोड़ा।

कबड्डी और खो-खो में जोरदार मुकाबले
कबड्डी में आदर्श विद्या मंदिर, चित्तावा ने बाजी मारकर पहला स्थान पाया, वहीं प्रिंस स्कूल, देऊसर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लड़कियों की कबड्डी में चित्तावा की टीम ने खिताब अपने नाम किया और देऊसर की टीम उपविजेता रही। दूसरी ओर खो-खो प्रतियोगिता में मेजबान यंगेस्ट नॉलेज पावर स्कूल ने छात्र वर्ग में पहला स्थान पाकर मैदान पर अपना दबदबा कायम किया, जबकि बालिका वर्ग में प्रिंस स्कूल, देऊसर विजेता रहा और यंगेस्ट स्कूल की बालिका टीम तीसरे स्थान पर रही।

जिम्नास्टिक और एथलेटिक्स में ब्लॉक की उभरती प्रतिभाएं
जिम्नास्टिक में निकेतन (बी.आर. खोखर स्कूल) के खिलाड़ियों ने पहला स्थान पाया, जबकि जसवंतगढ़ व उगरपुरा के छात्रों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में उगरपुरा की दीपिका ने पहला स्थान हासिल किया और स्प्रिंग स्कूल, कुचामन सिटी की निष्ठा चौधरी ने दूसरा स्थान पाया। एथलेटिक्स में भी रोमांच देखने को मिला। लंबी कूद में पाचवा के नितेन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि लड़कियों में प्रिंस स्कूल की दिव्यांशी ने जीत दर्ज की। 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ में पदमपुरा और पाचवा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। वहीं रिले दौड़ में आस्था पब्लिक स्कूल, जसराणा ने लड़कों में और प्रिंस स्कूल, देवसर ने लड़कियों में खिताब अपने नाम किया।

खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
समापन अवसर पर अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दिनेश चौधरी, भामाशाह विजेंद्र मुआल, सेवानिवृत्त शिक्षक तुलसीराम घोडेला और पंचायत समिति सदस्य गोपाल कुमावत ने विजेताओं को सम्मानित किया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करते हैं।

विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
यंगेस्ट नॉलेज पावर स्कूल परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय संचालक पवन कुमावत ने कहा कि खेलों का यह महाकुंभ बच्चों की ऊर्जा और प्रतिभा को सामने लाने का एक शानदार अवसर है। उन्होंने बताया कि विद्यालय हमेशा से शिक्षा के साथ खेल और संस्कारों को प्राथमिकता देता रहा है और भविष्य में भी ऐसे आयोजन लगातार होते रहेंगे, ताकि विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर सकें।
