सेवानिवृत्त शिक्षकों ने दिया भामाशाह योगदान, विद्यालय को मिली प्रिंटर और साउंड सिस्टम की सौगात

कुचामन सिटी क्षेत्र की ग्राम पंचायत जसराना के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जसराना में मंगलवार को एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया, जब हाल ही में सेवानिवृत्त हुए शिक्षक श्री रामदेव जी भाटी और धन्नालाल जी कुमावत निवासी पालड़ी (कुचामन सिटी) ने विद्यालय की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रिंटर और साउंड सिस्टम विद्यालय को भेंट किया। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कुचामन सिटी श्री भंवरलाल जी खोखर की उपस्थिति में भामाशाहों द्वारा यह सहयोग विद्यालय को समर्पित किया गया।

गौरतलब है कि दोनों शिक्षक अपने सेवाकाल में ही नहीं, बल्कि सेवानिवृत्ति के बाद भी विद्यालय के विकास के प्रति लगातार संवेदनशील रहे हैं। समय-समय पर वे विद्यालय को भामाशाह के रूप में आर्थिक सहयोग भी प्रदान करते रहे हैं। विद्यालय परिवार ने उनके इस योगदान के लिए आभार व्यक्त किया और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू निर्बान, अमराराम गावड़िया, हनुमान प्रसाद पारीक, कमल जी पालड़ी सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। इस अवसर पर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री भंवरलाल खोखर ने भामाशाहों को धन्यवाद देते हुए कहा कि शिक्षा संस्थान का विकास समाज और भामाशाहों के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इसी प्रकार आगे भी सहयोग का यह सिलसिला जारी रहेगा।

विद्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह ने यह संदेश दिया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षक समाज में अपनी भूमिका को निभाते हुए शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में अनुकरणीय योगदान दे सकते हैं।

error: News 1 Rajasthan