नगरपरिषद् कुचामन सिटी में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े’ का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर कनोई पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और जनप्रतिनिधियों के साथ नगरपरिषद् के कार्मिकों ने श्रमदान करते हुए सफाई अभियान की शुरुआत की।

नगरपरिषद् आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने बताया कि यह पखवाड़ा 2 अक्टूबर तक चलेगा, जिसके अंतर्गत शहर की मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगरपरिषद् सचिव शिकेश कांकरिया ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान शहर के विभिन्न विद्यालयों, राजकीय चिकित्सालय, बस स्टैण्ड परिसरों और पार्कों में भी सफाई की जाएगी ताकि स्वच्छ वातावरण का संदेश लोगों तक पहुंचे।

इस मौके पर नगरपरिषद् सभापति आसिफ खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, पूर्व सभापति सुरेश सिखवाल, पूर्व अध्यक्ष राधेश्याम गट्टानी, गोरु राम कुमावत, राजेंद्र कुमावत, देवीलाल ददरवाल, गोविंद कुमावत, अनंत तिवारी, मूलचंद बागड़ा, अरुण रिणवा, मनोहर सिंह रूपपुरा, खेताराम सिसोदिया, तुलसीराम कुमावत, नरसीराम कुमावत, अयूब शेख, भागीरथ कुमावत, श्रवण सोनी, विजय सिंह पलाड़ा, राजेश गुर्जर, सुशील काबरा, किशन गुर्जर, नथमल शर्मा, आनंद व्यास, ओमप्रकाश सेन, रूप सिंह राजपुरोहित, कमल राजोरिया, कलावती गट्टानी, श्रवण सिंह काकरिया, रुपाराम बावरी, गिरिराज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। नगरपरिषद् के जमादार और सफाई कार्मिकों ने भी श्रमदान में भाग लेकर इस अभियान को सार्थक बनाया।

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े का यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देशभर में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े का हिस्सा है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न नगर निकायों में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शहरों और कस्बों को साफ-सुथरा बनाना और जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। कुचामन सिटी में भी यह पखवाड़ा जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता से उत्सव जैसा माहौल लिए हुए है, जहाँ सफाई को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।
