डीडवाना-कुचामन जिले में कल से शुरू होगा ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान’

डीडवाना — कुचामन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की पहल पर डीडवाना–कुचामन जिले में कल बुधवार, 17 सितम्बर से ‘स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान’ का शुभारंभ किया जाएगा। इसका उद्घाटन प्रातः 9:30 बजे राजकीय बांगड़ जिला चिकित्सालय, डीडवाना के प्रांगण में होगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान आगामी 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिले भर के चिकित्सा संस्थानों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे, जिनका मकसद महिलाओं को समर्पित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना और आमजन के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना है

इन शिविरों में स्त्री रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, दंत रोग, मधुमेह और रक्तचाप की जांच की जाएगी। वहीं गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण, एनीमिया व टीबी संबंधी जांच की विशेष व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, निक्षय मित्र स्वयंसेवी पंजीकरण, अंगदान पंजीकरण तथा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान का विशेष जोर स्वस्थ जीवन शैली और संतुलित आहार को बढ़ावा देने पर रहेगा। स्थानीय और क्षेत्रीय भोजन को अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी ताकि लोग स्वास्थ्य मानकों को लंबे समय तक बनाए रख सकें।

अभियान की शुरुआत के मौके पर जिले भर के जनप्रतिनिधि, चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे।

error: News 1 Rajasthan