कुचामन में विश्व ओजोन दिवस विद्यार्थियों ने लिया ओजोन परत की सुरक्षा का संकल्प, रैली, प्रदर्शनी और पौधरोपण कार्यक्रम हुए आयोजित

आज पूरे देश और दुनिया की तरह डीडवाना–कुचामन जिले में भी विश्व ओजोन दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर कुचामन सिटी के राजकीय पीएम श्री जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालय में विद्यार्थियों ने एक आकर्षक प्रदर्शनी लगाई, जिसमें चार्ट्स, पोस्टर और मॉडल्स के माध्यम से ओजोन परत से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों और उसके संरक्षण की जरूरत को प्रदर्शित किया गया। सीबीई ईओ भंवर लाल खोखर भी इस मौके पर मौजूद रहें ।

विद्यालय की ओर से शहर में एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली में शामिल विद्यार्थियों ने हाथों में स्लोगन और पोस्टर लेकर ओजोन परत को बचाने का संदेश दिया। “प्लास्टिक का उपयोग बंद करो, ओजोन परत को सुरक्षित करो” और “वाहन साझा करें, प्रदूषण घटाएं” जैसे नारों से शहर के मुख्य मार्ग गूंज उठे। रैली के दौरान दुकानदारों और राहगीरों को कपड़े के थैले भी वितरित किए गए और प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने की अपील की गई।

प्रधानाचार्य मंजू चौधरी ने बताया कि विश्व ओजोन दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि धरती पर जीवन के लिए बेहद जरूरी ओजोन परत किस तरह हानिकारक पराबैंगनी किरणों से हमारी रक्षा करती है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विश्व ओजोन दिवस 2025 की थीम ‘विज्ञान से वैश्विक कार्रवाई तक’ (From Science to Global Action) के मुताबिक विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही लव कुश वाटिका में पौधरोपण कर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

विद्यार्थी तन्मय दाधीच ने कहा कि ओजोन परत की सुरक्षा तभी संभव है जब हम प्रदूषण फैलाने वाली आदतों को छोड़ेंगे। हमें एसी का उपयोग कम करना चाहिए और वाहनों का साझा उपयोग बढ़ाना चाहिए। छात्रा टीना ने भी संदेश देते हुए कहा कि ओजोन परत को बचाने का मतलब है अपनी आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा करना, इसलिए हम सबको जिम्मेदारी निभानी होगी।

error: News 1 Rajasthan