कुचामन सिटी के पीएमश्री राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में 69वीं जिला स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता (17/19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग) का समापन समारोह बड़े ही उत्साह और खेलभावना से सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय प्रबंधन और खेल विभाग के सहयोग से किया गया।

इस प्रतियोगिता में जिलेभर के विभिन्न विद्यालयों की कुल 35 टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल कौशल और जोश का प्रदर्शन किया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम और अनुशासन के साथ खेलते हुए दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मैदान में हर मुकाबला रोमांच और जोश से भरा रहा।
समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
समापन कार्यक्रम के दौरान शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष विनोद चौधरी ने कहा कि जिले के खिलाड़ी राज्य स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में भी इसी जोश और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
संयोजक प्रधानाचार्य मंजू चौधरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं है, बल्कि यह जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाता है। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं, वे समाज और देश का गौरव बढ़ाते हैं।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि रग्बी फुटबॉल जैसे खेल छात्रों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
समापन अवसर पर नगर के कई गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे, जिनमें लायन राम काबरा, भगवती प्रसाद, सुरेश दादरवाल, पवन कुमावत, दयाराम, नेमाराम, रामस्वरूप चौधरी, भागचन्द स्वामी, कविता चौधरी, मनीता गुर्जर और टंवर सिंह सहित अन्य गणमान्य शामिल थे।
