नाबालिग अपहरण मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट, कुमावत समाज का प्रदर्शन,कुचामन थाने के घेराव की दी चेतावनी
48 घंटे का दिया अल्टीमेटम

कुचामन सिटी में नाबालिग बालिका के दिनदहाड़े अपहरण का मामला अब तूल पकड़ चुका है। इस घटना को लेकर आज कुमावत समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस प्रशासन व स्थानीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीएम सुनील चौधरी को मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

समाज ने दी 48 घंटे की चेतावनी
कुमावत समाज अध्यक्ष राजकुमार फौजी ने कहा कि घटना को 8 दिन गुजर चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि 48 घंटे में नाबालिग की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समाजजन कुचामन थाने का घेराव करेंगे और संपूर्ण कुचामन बंद कराया जाएगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबू लाल कुमावत ने कहा कि पीड़ित परिवार पिछले एक सप्ताह से पुलिस थाने के चक्कर काट रहा है ,लेकिन पुलिस अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी है । जिला परिषद सदस्य बाबू लाल कुमावत ने कहा कि मामले में पुलिस कार्रवाई निराशाजनक हैं। उन्होंने मांग कि की दोनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलवाई जाए । युवा नेता सत्यनारायण कुमावत ने कहा कि समाज की अनदेखी करना पुलिस प्रशासन को भारी पड़ सकता है।

ये है मामला
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनकी बेटी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे घर से दुकान प्रसाद लेने गई थी। इस दौरान कार में आए दो युवकों ने उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों की पहचान कमल चौधरी पुत्र मोहनाराम चौधरी, निवासी राधे पब्लिक स्कूल के पास और दिनेश पुत्र गंगाराम कुमावत, निवासी रेगरी कोठी, कुचामनसिटी के रूप में हुई है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसकी नाबालिग बेटी के साथ गंभीर घटना को अंजाम दे सकते हैं।

पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी सतपाल चौधरी ने बताया कि पीड़ित परिवार की रिपोर्ट पर नामजद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और तकनीकी सहायता का भी उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद कर लिया जाएगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर खारिया सरपंच, देवी लाल, पार्षद तुलसीराम कुमावत, पूर्व पार्षद गोपाल कुमावत, एडवोकेट श्याम लाल कुमावत, पत्रकार बेगराज कुमावत,ओम प्रकाश कुमावत,गोपाल कुमावत ,राजेंद्र कुमावत, सहित भारी तादाद में कुमावत समाज प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
