अलखपुरा और झाड़ोद को मिली विकास की सौगात
विधायक यूनुस खान ने किए उद्घाटन-शिलान्यास, रामदेव जयंती व तेजा दशमी मेले में हुए शामिल

डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अलखपुरा और झाड़ोद मंगलवार को विकास की सौगातों से सराबोर हो गए। यहां विधायक यूनुस खान ने लाखों रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया । आयोजन के दौरान विधायक खान ने ग्रामीणों से संवाद किया और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ जनसहयोग जुड़ने पर अलखपुरा को आदर्श पंचायत के रूप में विकसित किया जाएगा।
विकास कार्यों की शुरुआत ग्राम झाड़ोद से हुई, जहाँ विधायक ने अपने कोष से भैरूजी मंदिर के सामने सीसी ब्लॉक सड़क और झाड़ोद आम गुवाड़ में हाई मास्क लाइट स्थापना कार्य का शिलान्यास किया। ग्रामीणों ने बताया कि इन कार्यों से धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों तक पहुँच में आसानी होगी और रात्रिकालीन गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी।

इसके बाद विधायक का काफिला अलखपुरा पहुँचा। यहाँ उन्होंने बाबा रामदेव मंदिर में क्षेत्रवासियों की खुशहाली की कामना की। इसी दौरान वे रामदेव जयंती और तेजा दशमी के विशाल मेले तथा सवामणी कार्यक्रम में भी शामिल हुए और इसे धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया।
अलखपुरा पंचायत में विधायक युनूस खान ने कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने केसरिया कंवरजी मंदिर से आम चौक मंदिर तक तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के मुख्य गेट से सभा स्थल तक सीसी ब्लॉक सड़कों का उद्घाटन किया। इसके अलावा विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार से गौशाला तक सीसी ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। अलखपुरा आम गुवाड़ में हाई मास्क लाइट का उद्घाटन भी किया गया। इसी कड़ी में गाँव को डिजिटल सुविधा से जोड़ते हुए दस लाख रुपये की लागत से निर्मित डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। इन कार्यों से धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक स्थानों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों का सीधा लाभ मिलेगा।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक यूनुस खान ने किसानों की समस्याओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाल ही की अतिवृष्टि से मूंग, बाजरा, चवला, ग्वार और मोठ जैसी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं और इस पीड़ा को वे विधानसभा में मजबूती से उठाएँगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र गिरदावरी करवाकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
विधायक ने सवामणी कार्यक्रम में भाग लेते हुए ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया और कहा कि विकास कार्य तभी सफल होते हैं जब उनमें जनता की साझेदारी होती है।
कार्यक्रम के समापन पर ग्राम पंचायत अलखपुरा के सरपंच श्रवण बिजारणियां ने विधायक यूनुस खान का विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि शिक्षा, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और डिजिटल सुविधाओं से जुड़ी अनेक पुरानी मांगें अब पूरी हुई हैं। ग्रामीणों ने भी विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी इसी तरह विकास की नई सौगातें मिलती रहेंगी।

इस अवसर पर मौलासर प्रधान मंजू देवी मेघवाल, पंचायत समिति सदस्य नारायण बिजारणियां व रामनिवास लेगा, सरपंच प्रतिनिधि मुस्ताक अली धनकोली, राजेन्द्र सिंह थेबड़ी, दयालाराम प्रजापत भोपजी का बास, भागीरथ यादव सुदरासन, शौकत खां दाउदसर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और सरपंच प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति सदस्य चैनाराम बलारा, कल्याण प्रसाद गौड़, इकबाल खां झाड़ोद, भंवरू खां धनकोली, इशाक खां बेरी, मांगीलाल कड़वा लादड़िया, संजय सहल व्यापार मंडल अध्यक्ष मौलासर, प्रेमचन्द अग्रवाल पूर्व सरपंच अलखपुरा, हनुमान पूनियां पूर्व सरपंच मौलासर, कासम खां पूर्व सरपंच, यूसुफ कुरैशी, फारूक भाटी डीडवाना, मेहबूब खां, राजेश गौड़ बेगसर, देवी सिंह आजड़ोली, सत्तार खां चुगनी, जोराराम डोडवाड़िया, मुस्ताक खां, रामेश्वर कप्तान और रूपाराम मेघवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
