रन फॉर डीडवाना : हजारों बच्चों ने मेजर ध्यानचन्द को दी श्रद्धांजलि, खेल नगरी गूंज उठी हॉकी के जादूगर के जयकारों से


हॉकी के जादूगर और खेल जगत के अमर नायक मेजर ध्यानचन्द की जयंती पर डीडवाना खेल नगरी का नजारा बेहद अनोखा रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस पर हजारों बच्चों और युवाओं ने रन फॉर डीडवाना में भाग लेकर खेल के इस महापुरुष को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर नगर के सात दशक पुराने नागौर जिला बास्केटबॉल संघ और श्री कान्त क्लब के संयुक्त तत्वावधान में दौड़ और सम्मान समारोह का आयोजन हुआ।

चार किलोमीटर दौड़े बच्चे, बरसी फूलों की वर्षा

सुबह नगर के सुभाष सर्किल से शुरू हुई रन फॉर डीडवाना चार किलोमीटर लंबे मार्ग से गुजरते हुए 7 डी, शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई राजकीय बांगड़ महाविद्यालय के स्वामी विवेकानंद स्मारक तक पहुँची।
इस दौड़ में स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, मिल्खा डिफेन्स अकादमी, इंडियन पब्लिक स्कूल, पोल स्टार द स्कूल, पूजा अकादमी और ड्रीम हाई सहित कई शिक्षण संस्थानों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया।

रास्ते भर दुकानदारों और आम नागरिकों ने बच्चों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। दौड़ में राजस्थान बास्केटबॉल की बालक-बालिका राष्ट्रीय टीम के सदस्य और प्रशिक्षक राजेश नैनावटी व हरजिंद्र सिंह सिद्धू भी शामिल हुए।

मेजर ध्यानचन्द सच्चे राष्ट्र नायक थे – जोधा

समापन समारोह राजकीय बांगड़ महाविद्यालय खेल प्रांगण में हुआ, जहाँ भाजपा नेता जीतेंद्र सिंह जोधा ने मेजर ध्यानचन्द को सच्चा देशभक्त और राष्ट्रनायक बताया। उन्होंने कहा कि जब हिटलर ने उन्हें ओहदे और धन का प्रलोभन दिया, तब उन्होंने गर्व से कहा कि “मेरा खेल मेरे देश का है, मैं अपनी माँ भारती के लिए खेलता रहूँगा।”
जोधा ने कहा कि डीडवाना खेल नगरी का गौरव पूरे प्रदेश में जाना जाता है, इसे बनाए रखने के लिए हर मैदान को खेल और खिलाड़ियों से भरा रहना चाहिए।

वरिष्ठ खिलाड़ियों का हुआ अभिनंदन

समारोह में बास्केटबॉल के वयोवृद्ध खिलाड़ी हाजी सलीम खान पठान, महावीर ओझा, सुरेश वर्मा, रमाकांत सारस्वत, नरपत सिंह राठौड़, तीरंदाजी ओलंपियन मुराद खान, एशियन गेम्स एथलीट हनुमान महला, कबड्डी के दयाराम सैनी, फुटबॉल के भंवरलाल वर्मा, रामा माली, गोविंदराम सांखला और रघुनाथ प्रसाद स्वामी सहित अनेक वरिष्ठ खिलाड़ियों का भावपूर्ण अभिनंदन कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

कार्यक्रम में समाजसेवी ओमप्रकाश मोदी, जेपी पसारी, एनडीबीए प्रवक्ता अबरार अली बेरी, अशोक सारस्वत, मोहम्मद नईम, रामचंद्र तापड़िया, गोविंद गुर्जर, महेंद्र सिंह पंवार, अनंत शर्मा, वीपी सिंह, शंकर सैनी, बनवारी मोट, विनोद मारोठिया और शिवप्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में आरबीए अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने सभी का आभार जताया और कहा कि इस तरह के आयोजन डीडवाना की खेल नगरी की पहचान को और मजबूत करेंगे।

error: News 1 Rajasthan