आध्यात्मिक जगत और संत समाज के लिए रविवार 31 अगस्त का दिन बेहद दुखद रहा। निखिल भारतीय निरंजनी साधु सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी खेमदास जी महाराज रविवार रात ब्रह्मलीन हो गए । ये खबर आते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई ।
लंबी बीमारी के बाद ली अंतिम सांस
डीडवाना तहसील के कोलिया गांव स्थित दयाल आश्रम में स्वामी खेमदास जी पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। जोधपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था और आश्रम में वेंटिलेटर पर ही उन्हें जीवनदान देने का प्रयास किया जा रहा था। किंतु रविवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली और ब्रह्मलीन हो गए।

संत समाज और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर
स्वामी खेमदास जी महाराज के ब्रह्मलीन होने की खबर मिलते ही पूरे प्रदेश और देशभर से संत, साधु-संत समाज के प्रमुख जन और विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता कोलिया स्थित दयाल आश्रम पहुंचने लगे हैं। उनके अनुयायियों में गहरा शोक व्याप्त है और श्रद्धालु लगातार आश्रम पहुंचकर महाराज जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
अंतिम संस्कार कल दोपहर
स्वामी खेमदास जी महाराज का अंतिम संस्कार कल सोमवार दोपहर 12:15 बजे कोलिया गांव स्थित दयाल आश्रम में ही किया जाएगा। इस अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं और संतों के पहुंचने की संभावना है।
