कुचामन सिटी की दीपपुरा पंचायत के गांव सुजानपुरा में शनिवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। पूर्व सरपंच घासीराम गुर्जर की ढाणी में रात करीब 10 बजे अचानक 11 केवी की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर ट्रांसफॉर्मर पर गिर गया। इस कारण से एलटी सर्विस में 11 हजार केवी करंट फैल गया और पूरे बाड़े में अफरा-तफरी मच गई।

करंट की चपेट में आकर घासीराम गुर्जर की दो भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में किसान को करीब तीन से चार लाख रुपये की भारी आर्थिक क्षति हुई है। न सिर्फ मवेशियों की मौत हुई, बल्कि कुंए की मोटर, स्टार और केबल भी जल गए।
पीड़ित किसान घासीराम गुर्जर ने बताया कि उनकी भैंसें घर के पास ही बंधी हुई थीं। तभी अचानक तार टूटकर गिरा और बाड़े के पोल में हाईटेंशन करंट दौड़ गया। देखते ही देखते दोनोें भैंसें करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही ढेर हो गईं।

घटना की सूचना पर चितावा पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सक डॉक्टर बनवारी लाल गोरा व कंपाउंडर मनोज कुमार की मौजूदगी में मृत भैंसों का पोस्टमार्टम करवाकर दफनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
ग्रामीणों का गुस्सा और मांगें
इस हादसे के बाद गांव में बिजली विभाग के प्रति गहरी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से आए दिन खतरे बने रहते हैं। उन्होंने मांग की कि टूटे तारों की तुरंत मरम्मत करवाई जाए और भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय किए जाएं।
