पैगम्बर-ए-इस्लाम के 1500वें जन्मदिवस पर कार्यक्रमों का सिलसिला जारी, परबतसर में रक्तदान शिविर, युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

।इस्लाम धर्म के आखिरी पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब के 1500वें जन्मदिवस के अवसर पर दुनियाभर में विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। इसी क्रम में परबतसर के सिपाहियों के मोहल्ले स्थित मदरसे में आज रविवार को गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (जीएनआरएफ) के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य मानवता की सेवा और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना था। आयोजन समिति के लियाकत अली ने बताया कि पैगम्बर-ए-इस्लाम की 1500वीं सालगिरह पर पहली बार इस तरह का रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान किया।

रक्त संग्रहण के लिए जेएलएन अस्पताल अजमेर और राजस्थान ब्लड बैंक की टीम मौजूद रही, जिन्होंने शिविर में आए दाताओं का रक्त सुरक्षित रूप से संग्रहित किया।

कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं और सामाजिक संगठनों ने भी भागीदारी निभाई और रक्तदान शिविर के माध्यम से सामाजिक सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

लियाकत अली ने जानकारी दी कि 5 सितम्बर को पैगम्बर साहब के जन्म दिवस पर जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पूरे हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर परबतसर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। उन्होंने मुस्लिम धर्मावलंबियों से आह्वान किया कि पैगम्बर साहब के 1500 साला यौम-ए-विलादत के मौके पर लगातार दरूद शरीफ का नजराना पेश करते रहें । उन्होंने कहा कि पैगम्बर साहब के 1500 साला यौम-ए-विलादत पर परबतसर की फिज़ाओं में इबादत, मोहब्बत और इंसानियत का संदेश गूंजेगा।

error: News 1 Rajasthan