सीमा कुंकणा लगातार दूसरी बार बनीं स्टूडेंट काउंसिल अध्यक्ष
महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में जोश और उत्साह से संपन्न हुआ बाल संसद चुनाव

डीडवाना कस्बे के पीएम श्री महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में शनिवार को बाल संसद स्टूडेंट काउंसिल चुनाव का आयोजन बड़े ही उत्साह और लोकतांत्रिक माहौल में हुआ। चुनाव प्रभारी सुरेंद्र सिंह चौधरी की देखरेख में विद्यार्थियों ने नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव किया।

नामांकन और प्रचार का रोमांच
अध्यक्ष पद के लिए कक्षा 10 की छात्रा सीमा कुंकणा के साथ अंकिता सिंघाड़िया और उम्मेद भाटी ने भी नामांकन दाखिल किया। तीनों उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए और विद्यालय परिसर में मित्रों व समर्थकों के साथ उन्होंने जोशीले अंदाज में प्रचार-प्रसार किया। विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत सम्पर्क कर लोकतांत्रिक वातावरण में चुनाव अभियान का वास्तविक अनुभव लिया।

‘नो बैग डे’ पर बना मतदान केंद्र
शनिवार को ‘नो बैग डे’ के अवसर पर विद्यालय का एक कक्षा-कक्ष मतदान केंद्र के रूप में सजाया गया। पीआरओ पूजा बाना की देखरेख में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान अधिकारियों खुशबू बोहरा, विकास सेन और जितेंद्र कुंकणा ने छात्रों को बैलेट पेपर से मतदान करने की प्रक्रिया समझाई और मतदान को निष्पक्ष एवं गोपनीय ढंग से संपन्न करवाया।
मतगणना और ऐतिहासिक जीत
मतगणना कार्य बाल सभा थीम प्रभारी संपत कुमार और उनकी टीम विकास कुमार, महावीर प्रसाद, सुमन कुरडिया और नीतू वर्मा ने संभाला। जब परिणाम घोषित हुआ तो सीमा कुंकणा ने 24 मतों के भारी अंतर से शानदार जीत दर्ज की। परिणाम सुनते ही विद्यालय प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सहपाठियों ने सीमा का फूल-मालाओं और तालियों से स्वागत किया। सीमा लगातार दूसरी बार स्टूडेंट काउंसिल की अध्यक्ष चुनी गईं, जिससे उनका आत्मविश्वास और भी प्रबल हुआ।

प्रधानाचार्य का संदेश
प्रधानाचार्य मंगाराम बिजारणीया ने सीमा कुंकणा को जीत की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को लोकतांत्रिक प्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव कराते हैं। उन्होंने कहा कि, “इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और जिम्मेदार नागरिक बनने की समझ विकसित करती हैं। मतदान प्रक्रिया से वे लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका को भी गहराई से समझ पाते हैं।”
शिक्षकों और विद्यालय परिवार की सहभागिता
चुनाव कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ संपत कुमार, रामचंद्र धायल, पीटीआई भंवरा राम बाना, दीपक सिंह राठौड़ और कृष्णपाल राजू समेत अनेक गणमान्य मौजूद रहे। सभी ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए इसे शिक्षा के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की ओर एक प्रेरणादायक पहल बताया।
