राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) में युवाओं का विश्वास दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है। खासतौर पर डीडवाना क्षेत्र के युवा नेताओं में पार्टी के प्रति जोश और उत्साह देखते ही बनता है। इसी क्रम में डीडवाना के कई युवाओं ने राजधानी जयपुर स्थित आरएलपी कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस मौके पर आरएलपी सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने खुद सभी युवाओं को पार्टी का प्रतीक दुपट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया और संगठन के सिद्धांतों के प्रति आस्था जताने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा:
“आज का युवा बदलाव चाहता है, आरएलपी वह ताकत है जो गांव-गांव की आवाज़ बनकर उभरी है। आप जैसे ऊर्जावान साथियों के आने से पार्टी की ताकत कई गुना बढ़ गई है। अब जनहित के मुद्दों पर सड़कों से सदन तक आवाज बुलंद करने का वक्त है!”

इस सदस्यता कार्यक्रम में डीडवाना के रॉयल रिसोर्ट के मालिक मुंशी खान निम्बी, मेहराज खान निम्बी, युवा नेता इमरान खान, नेक मोहम्मद खान समेत कई युवाओं ने आरएलपी में शामिल होकर पार्टी को नई ऊर्जा दी।
आरएलपी के तेजतर्रार युवा नेता और डीडवाना से निर्दलीय पार्षद गुलशेर खान ने इस सफलता पर खुशी जताते हुए बताया कि – “युवाओं को सही दिशा और मंच चाहिए, और रालोपा आज का सबसे प्रभावशाली विकल्प है जो जमीनी मुद्दों को उठाने से पीछे नहीं हटती।” उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में जुड़ने वाले युवाओं का यह सिलसिला अब थमने वाला नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान जयपुर कार्यालय में जब हनुमान बेनीवाल ने नए सदस्यों को पार्टी में शामिल किया, तब पूरे कार्यालय में उत्साह और जयघोष का माहौल देखने को मिला। पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि डीडवाना क्षेत्र से युवा जिस संकल्प के साथ जुड़ रहे हैं, वह आने वाले चुनावों में आरएलपी की ताकत को और मजबूती देगा।

