डीडवाना के भामाशाह एवं समाजसेवी शरीफ भाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। डीडवाना क्षेत्र की बाँठड़ी गौशाला और भिंचावा गौशाला को उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य का चारा डलवाकर गौ सेवा की अपनी निरंतर परंपरा को आगे बढ़ाया। इस सेवा कार्य से दोनों गौशालाओं में गौवंश के लिए चारे की व्यवस्था मजबूत हुई और संचालन टीम को बड़ी राहत मिली।

गौशाला संचालन टीम के महिपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि शरीफ भाई पिछले कई वर्षों से लगातार गौ सेवार्थ कार्यों में लगे हुए हैं और बिना किसी दिखावे के जिले की विभिन्न गौशालाओं की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हैं। वे समय-समय पर चारा, उपकरण और अन्य संसाधन उपलब्ध कराकर गौवंश की सेवा में अहम योगदान निभा रहे हैं।डीडवाना शहर के जाने-माने प्रतिष्ठान मुंशी मोटर्स के निदेशक शरीफ भाई अब तक करीब 25 लाख रुपये से अधिक मूल्य का चारा और गौ सेवा से जुड़े उपकरण जिले भर की अलग-अलग गौशालाओं को दान कर चुके हैं। इससे पहले वे दो गौशालाओं को ट्रैक्टर-ट्रॉली भी दान कर चुके हैं, जिससे चारा परिवहन और गौशालाओं के दैनिक कार्यों में सुविधा मिली है।
इस अवसर पर शरीफ भाई ने कहा कि उन्होंने जब से होश संभाला है, तब से गौ सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बना लिया है। ईश्वर ने जो भी उन्हें दिया है, उसमें इन बेजुबान जीवों का भी हक है और इसी भावना के साथ वे समय-समय पर गौ सेवा के ये पुण्य कार्य करते रहते हैं।

इस दौरान धनपत रिणवा, गजेन्द्र बाँठड़ी, विक्रम सिंह, आरिफ शेरानी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने शरीफ भाई के इस निस्वार्थ, मानवीय और प्रेरणादायी कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समाजसेवी ही समाज में करुणा, सेवा और इंसानियत के मूल्यों को मजबूत करते हैं।
