क्षेत्र को अपराध मुक्त बनाना होगा प्राथमिकता – RPS जेठू सिंह

हाल ही में जारी हुई पुलिस तबादला सूची में डीडवाना वृत में बदलाव किया गया था, जिसके तहत डीडवाना पुलिस उपाधीक्षक धरम पूनिया का स्थानांतरण हो गया और उनके स्थान पर RPS जेठू सिंह को पुलिस उपाधीक्षक (वृताधिकारी) नियुक्त किया गया। अब RPS जेठू सिंह ने औपचारिक रूप से डीडवाना वृताधिकारी के पद का कार्यभार संभाल लिया है, जिसके बाद उन्होंने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को समझने और मजबूत बनाने के उद्देश्य से अपने वृत्त क्षेत्र के सभी थानों का निरीक्षण शुरू कर दिया है।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में वृताधिकारी जेठू सिंह ने साफ कहा कि डीडवाना व पूरे वृत्त क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने बताया कि थानों के दौरे के दौरान वे लंबित प्रकरणों की स्थिति, क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों और स्थानीय समस्याओं की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पुलिस-जन सहयोग के बिना किसी भी क्षेत्र को पूर्णतः अपराध मुक्त बनाना संभव नहीं है।

वृताधिकारी जेठू सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैध व्यापार, आपराधिक मूवमेंट या समाजविरोधी तत्वों की जानकारी निःसंकोच पुलिस तक पहुँचाएँ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वालों का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग निर्भय होकर पुलिस का सहयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि अपराध को पहले ही रोकना भी है, जिसके लिए जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि डीडवाना वृत के सभी थानों में CLG (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) और शांति समितियों का जब भी पुनर्गठन किया जाएगा। तब नई CLG और शांति समितियों में ऐसे ही लोगों को शामिल किया जाएगा जो वास्तव में सक्रिय हों, समाज में प्रभाव रखते हों, और पुलिस व जनता के बीच बेहतर संवाद को मजबूत करने में सक्षम हों। उनका कहना था कि इन समितियों को उसी मकसद से पुनर्गठित किया जाएगा, जिसके लिए इन्हे बनाया गया था—यानी पुलिस व जनता के बीच सहयोग की मजबूत कड़ी बनाना, विवादों को समय रहते सुलझाना और शांति-सौहार्द बनाए रखना। वृताधिकारी ने यह भी कहा कि वे क्षेत्र के युवाओं को नशे से दूर रखने, अवैध गतिविधियों पर रोक और गश्त को मजबूत करने जैसे बिंदुओं पर भी फोकस करेंगे। उन्होंने कहा कि डीडवाना व उसके ग्रामीण क्षेत्र को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस हर संभव कदम उठाने को तैयार है।

बदलते सामाजिक हालातों पर बात करते हुए RPS जेठू सिंह ने कहा कि इन दिनों युवक-युवतियों के घर से भागकर शादी करने के मामले तेज़ी से बढ़े हैं, जो कई बार सामाजिक तनाव और कानूनी उलझनों का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए पुलिस अलग-अलग स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगी, जिसमें परिवार, समाज के जिम्मेदार लोग और स्कूल-कॉलेज स्तर पर युवाओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा। उनका कहना था कि समझाइश, संवाद और जागरूकता के माध्यम से इन घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

वृताधिकारी ने कहा कि डीडवाना क्षेत्र को सुरक्षित, शांत और अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और आने वाले दिनों में इसका सकारात्मक असर भी दिखाई देगा।

error: News 1 Rajasthan