विश्व मधुमेह दिवस पर जागरूकता की अलख: नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने रैली, जांच शिविर और प्रशिक्षण से आमजन को किया जागरूक

कुचामन सिटी। राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामनसिटी एवं राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय नावां के संयुक्त तत्वावधान में विश्व मधुमेह दिवस-2025 पर शनिवार को दिनभर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘मधुमेह जीवन के विभिन्न सोपानों में’ विषयक कार्यक्रम के तहत नर्सिंग प्रशिक्षुओं ने चिकित्सकों के मार्गदर्शन में आमजन को मधुमेह के कारण, लक्षण और बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ जिला चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बलवीर ढाका ने मधुमेह जांच एवं पहचान शिविर के साथ किया। इस दौरान 100 आमजन सहित मधुहारी योजना में चयनित 35 मरीजों की जांच की गई। शिविर में डॉ. चेनाराम चौधरी, डॉ. हरीश ढाका, डॉ. राजकुमार सिंह राठौड़, नर्सिंग अधीक्षक राधेश्याम कांसोटिया, नर्सिंग महाविद्यालय के शिक्षक, प्रशिक्षु और आमजन मौजूद रहे।

जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नर्सिंग कॉलेज के छात्रों ने मधुमेह जागरूकता रैली निकाली। रैली को हरी झंडी डॉ. प्रहलाद बाजिया, डॉ. चेनाराम चौधरी, डॉ. रामनिवास बिजारणियां, डॉ. हरीश ढाका, नर्सिंग अधीक्षक राधेश्याम कांसोटिया एवं नर्सिंग ट्यूटर लालाराम रणवां ने दिखाकर रवाना किया। जिला चिकित्सालय से आरंभ हुई रैली अम्बेडकर सर्किल, किनोई पार्क, पुलिस चौकी, बस स्टैंड, गोल प्याऊ होते हुए पुनः जिला चिकित्सालय पहुंचकर सम्पन्न हुई। जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में जिला चिकित्सालय परिसर में वर्कशॉप एवं कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित हुआ। इसमें नर्सिंग अधिकारियों और नर्सिंग कॉलेज के प्रशिक्षुओं को मधुमेह के कारणों, लक्षणों, उपचार पद्धतियों तथा इंसुलिन थैरेपी संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण डॉ. चेनाराम चौधरी और मधुमेह शिक्षक अशरफ द्वारा दिया गया।

नर्सिंग कॉलेज नावां के प्राचार्य रामनिवास मुण्ड ने स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जिला चिकित्सालय स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कॉलेज आमजन के हित में ऐसे कार्यक्रमों का नेतृत्व करता रहेगा। कार्यक्रम का समापन नर्सिंग ट्यूटर लालाराम रणवां द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

error: News 1 Rajasthan