अरुणाचल प्रदेश के तवांग में भारतीय सेना द्वारा आयोजित तवांग अंतरराष्ट्रीय मैराथन में कुचामन सिटी के परेवड़ी निवासी जीवराज सिंह राठौड़, पुत्र सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने अपने जज़्बे और फिटनेस के दम पर शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान और कुचामन का नाम रोशन किया है।

समुद्र तल से लगभग 10,000 फीट की ऊंचाई पर आयोजित इस कठिन मैराथन में ठंडी हवाएं, कम ऑक्सीजन और ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्ते प्रतिभागियों के लिए बड़ी चुनौती बने हुए थे लेकिन इन सभी प्रतिकूल परिस्थितियों को मात देते हुए जीवराज सिंह ने 10 किलोमीटर की दौड़ मात्र 53 मिनट में पूरी की, जबकि प्रतियोगिता का निर्धारित कट-ऑफ टाइम 2 घंटे था।

देशभर के 860 शीर्ष धावकों में शामिल जीवराज सिंह ने अपनी कैटेगरी में 14वां स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है क्योंकि इस प्रतियोगिता में भारतीय सेना के जवानों के साथ-साथ देश-विदेश के प्रोफेशनल रनर्स और नागरिक प्रतिभागी भी शामिल थे।

जीवराज सिंह राठौड़ ने इस अनुभव को अपने जीवन का अविस्मरणीय क्षण बताया। उन्होंने कहा “तवांग की पहाड़ियों पर दौड़ना केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति की परीक्षा थी। अगर मन मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।”
तवांग अंतरराष्ट्रीय मैराथन का आयोजन भारतीय सेना द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र में खेल और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाता है। इस प्रतियोगिता में देशभर से आए धावकों ने देशभक्ति और फिटनेस का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया।

जीवराज सिंह राठौड़ की इस उपलब्धि पर कुचामन सहित पूरे जिले में गर्व की लहर है। स्थानीय खेल प्रेमियों और युवाओं ने उनके जज़्बे को “प्रेरणा का स्रोत” बताया है।
