राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने एसपी ऋचा तोमर और डीडवाना-कुचामन पुलिस टीम की सराहना की

रमेश रूलानिया हत्याकांड का महज 10 दिन में किया खुलासा

कुचामन सिटी के बहुचर्चित रमेश रूलानिया हत्याकांड मामले में पुलिस की तेज़ और सटीक कार्रवाई ने पूरे प्रदेश में सराहना बटोरी है। इस मामले में अब तक चार मुख्य आरोपियों और आठ सहयोगी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

राजस्थान सरकार के राजस्व राज्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक विजय सिंह चौधरी ने इस कार्रवाई के लिए जिला एसपी ऋचा तोमर के साथ डीडवाना-कुचामन पुलिस, और जिले की साइबर सेल सहित इस पूरी कार्रवाई में शामिल रही पूरी टीम की प्रशंसा की है।

डीडवाना दौरे पर आए मंत्री चौधरी ने कहा कि “मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीडवाना-कुचामन पुलिस की यह सफलता उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि महज दस दिनों में ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर एसपी ऋचा तोमर और उनकी टीम ने यह साबित किया है कि राजस्थान पुलिस न केवल सजग है, बल्कि संगठित अपराधों से निपटने में सक्षम भी है। चौधरी ने कहा कि इस कामयाबी ने पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है और यह उपलब्धि पुलिस टीम की मेहनत, समर्पण और तकनीकी दक्षता का नतीजा है।

गौरतलब है कि पुलिस ने मुख्य तीन शूटर धर्मेंद्र, गणपत और महेश को कोलकाता से तथा चौथे आरोपी जुबैर अहमद को इंदौर से गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में सहयोग करने वाले आठ अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है जिनमें से एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है ।

एसपी ऋचा तोमर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को प्रदेश भर में एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है, जहां पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और एजेंसी समन्वय के जरिए दस दिन में एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा दी।

error: News 1 Rajasthan