सभापति आसिफ खान के सटीक निशाने से धधका रावण, कुचामन सिटी में धूमधाम से मना दशहरा

असत्य पर सत्य की जीत और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक विजयदशमी पर्व गुरुवार को कुचामन सिटी में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर के राजकीय खेल स्टेडियम में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और आतिशबाजी व जयकारों के बीच बुराई का प्रतीक रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण धराशायी हुए।

सभापति ने लगाया ऐसा निशाना कि सीधे नाभि में लगी अग्निबाण

शाम साढ़े छह बजे नगर परिषद सभापति आसिफ खान ने जैसे ही अग्निबाण चलाया, वह सीधे जाकर रावण की नाभि में लगा। निशाना इतना सटीक था कि कुछ ही पलों में पुतले में आग भड़क उठी और चारों तरफ लपटें फैल गईं। आतिशबाजी की गड़गड़ाहट और लोगों के जयकारों के बीच महज 50 सेकंड में रावण का विशाल पुतला खाक हो गया।

गौरतलब है कि हाल ही में आसिफ खान ने नगर परिषद की कुर्सी पर हाईकोर्ट के स्थगन आदेश के जरिए राजनीतिक पटल पर अपनी पकड़ का अहसास कराया था और अब दशहरे के मंच पर भी उनके तीर का सटीक निशाना चर्चा का विषय बन गया।

रावण दहन के बाद क्रमशः मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले भी एक मिनट के भीतर जलकर राख हो गए।

इस अवसर पर आयुक्त शिकेश कांकरिया, उपसभापति हेमराज चावला, तहसीलदार कैलाश ईनाणिया, भाजपा नेता आशीष चौधरी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल कुमावत, पूर्व सभापति सुरेश सिखवाल, पार्षद अयूब शेख, खेताराम सिसोदिया, शेखर कड़वा, विनोद पोड सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

रघुनाथ मंदिर से निकली भव्य रेवाड़ी

इससे पहले दोपहर चार बजे सदर बाजार स्थित रघुनाथ मंदिर से भगवान श्रीराम की भव्य रेवाड़ी रवाना हुई। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई करीब पांच बजे खेल स्टेडियम पहुंची। भगवान श्रीराम की सवारी पर पुष्पवर्षा हुई, ऊंट-घोड़ों की सजधज और सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रेवाड़ी के स्टेडियम पहुंचते ही जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारे गूंज उठे। रावण दहन से पूर्व राम और रावण के संवाद का मंचन भी हुआ जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

आतिशबाजी और सुरक्षा व्यवस्था रही आकर्षण का केंद्र

पूरे आयोजन के दौरान रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने माहौल को और अधिक उत्सवमय बना दिया। हजारों लोगों की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम, पुलिस उपाधीक्षक अरविंद विश्नोई, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था संभाली।

जाम से जूझते रहे लोग

हालांकि पुतलों के दहन के बाद जब भीड़ घरों की ओर लौटने लगी तो स्टेडियम से लेकर स्टेशन रोड और बस स्टैंड तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब आधे से पौन घंटे तक सड़कें जाम रहीं और वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए।

error: News 1 Rajasthan