बालाजी नगर पारीक कॉलोनी में चल रहे नवरात्रा महोत्सव का सप्तमी का दिन अद्भुत और अविस्मरणीय बन गया, जब मंच पर शिव तांडव का जीवंत मंचन हुआ। तपस्वी पारीक, सुशांत सिंह चारण और कृष्णकांत बोहरा के निर्देशन व सहयोग से स्थानीय बाल कलाकारों ने ऐसी भक्ति व ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति दी कि पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

भक्तों ने बच्चों की इस अद्भुत धार्मिक प्रस्तुति की खुलकर सराहना की। मौके पर पहुंचे अधिशासी अधिकारी महेन्द्र सिंह चारण, समाजसेवी व व्यवसायी राजूराम भांभु तथा गंगा सिंह चौहान ने बच्चों को पारितोषिक देकर सम्मानित किया। इस सम्मान समारोह ने बाल कलाकारों के उत्साह को और भी बढ़ा दिया।

इसी अवसर पर पार्षद एवं भामाशाह नंदाराम बुगालिया का आयोजन समिति और श्रद्धालुओं की ओर से आचार्य नवनीत दाधीच ने राखी तिलक कर स्वागत किया।

आयोजन समिति के अर्जुन राम चौधरी और बजरंग लाल पारीक ने जानकारी दी कि महोत्सव की श्रृंखला आगे भी विशेष प्रस्तुतियों से भरी रहेगी। अष्टमी की संध्या को महाआरती के बाद स्थानीय बालिकाओं द्वारा नवदुर्गा की जीवंत झांकी प्रस्तुत की जाएगी। इसके साथ ही भजन संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें स्थानीय भक्त अपनी भक्ति भावनाओं को सुरों में ढालकर प्रस्तुत करेंगे।
