कुचामन सिटी के बालाजी नगर स्थित पारीक कॉलोनी में चल रहे 20वें विशाल नवरात्रा महोत्सव का नवां दिन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन समिति की ओर से सजे भव्य मंच पर नवदुर्गा स्वरुप की जीवंत झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को अद्भुत दिव्य अनुभूति कराई।

गुंजन चारण, गर्विता कुमावत, परी चारण, पाखी कुमावत, चेतना कुमावत, मोनिका शर्मा, ज्योति, मानसी सहित बालिकाओं की टीम ने नवदुर्गा के विविध स्वरुपों को मंच पर साकार किया। वहीं तपस्वी पारीक और देवेश शर्मा ने महिषासुर व रक्तबीज का प्रभावी अभिनय कर माहौल को जीवंत बना दिया।
जब नवदुर्गाओं ने महिषासुर वध का मंचन किया, तो पूरा पंडाल माता रानी के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु इस अद्भुत प्रस्तुति को देख मंत्रमुग्ध हो गए और वातावरण में भक्ति रस का संचार हो गया।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी महेन्द्र सिंह चारण और ठेकेदार त्रिलोकचंद कुमावत ने नवदुर्गा स्वरुप प्रस्तुत करने वाली बालिकाओं को मंच पर सम्मानित कर उनके उत्साह को बढ़ाया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के अर्जुनराम चौधरी, बजरंग लाल पारीक, रामचंद्र कुमावत, मुकेश कुमावत, बींजाराम कुमावत, बजरंगदास स्वामी, सुभाष जांगीड़, धर्मपाल घोडेला, महेश अग्रवाल, लालाराम कुमावत, राजाराम प्रजापत, सेवानिवृत्त व्याख्याता कमल किशोर गौड़, रूप सिंह राजपुरोहित, गंगासिंह चौहान, रमेशचंद्र कुमावत, प्यारेलाल कुमावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

नवरात्रा महोत्सव के इस जीवंत मंचन ने भक्तों को जहां माता की शक्ति का अनुभव कराया, वहीं धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया।
