कबड्डी का महाकुंभ: आकोदा में शुरू हुई राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता,1000 से ज्यादा खिलाड़ी पहुंचे आकोदा

डीडवाना – कुचामन जिले के मौलासर ब्लॉक के आकोदा स्थित शिशु विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राजस्थान राज्य स्तरीय विद्यालयी कबड्डी प्रतियोगिता (बालिका वर्ग 17 व 19 वर्ष) का रंगारंग शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक चेतन डूडी थे। प्रदेशभर से आई 94 टीमों के 1032 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।
चेतन डूडी बोले – कबड्डी अकादमी जल्द शुरू होनी चाहिए
चेतन डूडी ने अपने संबोधन में मेजबान शिशु विहार विद्यालय की मेजबान के तौर पर निभाई जा रही भूमिका की तारीफ की ,उन्होंने कहा कि प्रदेश श्रेय आयोजन में जो व्यवस्थाएं विद्यालय के डायरेक्टर उगमाराम ने की है वो तारीफ के काबिल है । चेतन डूडी ने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के पिछड़ने की एक बड़ी वजह संसाधनों का अभाव है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि डीडवाना में गहलोत सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत कबड्डी अकादमी को जल्द शुरू किया जाए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिल सके। डूडी ने यह भी कहा कि “खेल और खिलाड़ी हमारे समाज की असली पूंजी हैं, हमें इन्हें बेहतर संसाधन और अवसर देने होंगे।”

शिशु विहार विद्यालय की बड़ी जिम्मेदारी – उगमा राम चौधरी
आयोजन समिति के संयोजक और शिशु विहार विद्यालय के डायरेक्टर उगमा राम चौधरी ने स्वागत उद्बोधन में कहा –
“बालक का सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब शिक्षा और खेल का संतुलन बना रहे। शिशु विहार विद्यालय को शिक्षा विभाग ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, हम इस आयोजन को पूरी निष्ठा और सफलता के साथ निभाएंगे।”
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए गांव की धरती पर खेलों का ऐसा उत्सव होगा, जो बच्चों को प्रेरित करेगा।
डीडवाना – कुचामन टीम की धमाकेदार शुरुआत
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला मेजबान जिले की 19 वर्षीय बालिका टीम ने जीतकर अपनी ताकत साबित कर दी। प्रशिक्षक नानू राम चौधरी ने कहा कि “हमारी बेटियों ने पहला ही मैच जीतकर पूरे जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। यह शुरुआत है, आगे भी डीडवाना – कुचामन की टीम विजयी अभियान जारी रखेगी।”

अन्य मुकाबलों में धौलपुर, करौली, बीकानेर, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, झुंझुनूं, गंगानगर, बाड़मेर, सिरोही और जालौर की टीमों ने भी शानदार जीत दर्ज की।
8 मैदान, 1032 खिलाड़ी, 250 दलाध्यक्ष – ‘खेलों का महाकुंभ’
उप जिला खेल अधिकारी राजेश चौधरी ने कहा कि “यह आयोजन पूरे प्रदेश में अपनी अमिट छाप छोड़ेगा। 8 मैदानों पर 94 टीमों के 1032 खिलाड़ी, 250 दलाध्यक्ष और सौ से ज्यादा शिक्षक इस प्रतियोगिता में जुटे हैं। किसी खिलाड़ी को सुविधा की कमी न हो, इसके लिए हर स्तर पर बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं।”

कबड्डी महाकुंभ का नजारा
एक सप्ताह तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आई टीमों के बीच मुकाबले होंगे। मंच पर एडवोकेट शिवदान जड़ावता, गिरधारी महला, एसीबीईओ शब्बीर खान, शिवराज कड़वा, केशव सैनी, जयराम स्वामी, मदन बलारा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में दातार सिंह राठौड़, निशा सोनी, राम निवास पादरा, नानूराम, मुकेश वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
