“आशीर्वाद से मिली जिम्मेदारी” – सभापति बनने के बाद सुरेश सिखवाल ने स्वर्गीय हरीश कुमावत को किया पद समर्पित

कुचामन सिटी नगर परिषद के नए सभापति बनने के बाद सुरेश सिखवाल का पहला कदम भावुकता से भरा रहा। आदेश जारी होते ही उनका नागा परिषद में स्वागत हुआ इसके बाद शहरभर में हुए स्वागत-अभिनंदन के बीच वे सीधे वरिष्ठ भाजपा नेता व चार बार विधायक रहे स्वर्गीय हरीश कुमावत के निवास स्थान पहुँचे।

यहाँ उन्होंने स्वर्गीय हरीश कुमावत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी । इसके बाद सिखवाल ने स्वर्गीय कुमावत की पत्नी पूर्व पालिकाध्यक्ष यशोदा देवी कुमावत से आशीर्वाद लिया । इस अवसर पर स्वर्गीय हरिश् कुमावत के पुत्र युवा नेता राजेंद्र कुमावत भी मौजूद रहे ।

इस अवसर पर सुरेश सिखवाल ने कहा – “कुचामन नगर परिषद का सभापति पद मैं स्वर्गीय हरीश कुमावत को समर्पित करता हूँ। आज से ठीक 10 वर्ष पहले वे नगर पालिका के अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे और आज उन्हीं के आशीर्वाद से मुझे यह कुर्सी मिली है।”

सिखवाल ने आगे कहा कि स्वर्गीय हरीश कुमावत का कुचामन की राजनीति और विकास में अमूल्य योगदान रहा है। उनके कार्य और मार्गदर्शन हमेशा स्मरणीय रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय विधायक एवं राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी का भी वे आभार व्यक्त करते हैं, जिनके सहयोग और आशीर्वाद से उन्हें यह जिम्मेदारी मिली है।

नगर परिषद के नए सभापति की ओर से अपने पद को स्वर्गीय नेता को समर्पित करने की इस घोषणा ने पूरे शहर को भावुक कर दिया। लोग इसे न केवल एक राजनीतिक औपचारिकता बल्कि अपने पूर्व नेता के प्रति गहरी श्रद्धा और निष्ठा का प्रतीक मान रहे हैं।

कुचामन की सियासत में गुरुवार का यह दिन सिर्फ एक नए सभापति की ताजपोशी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने स्वर्गीय हरीश कुमावत की यादों को भी ताजा कर दिया।

error: News 1 Rajasthan