घाटवा में 21 अगस्त को होगा श्री देवनारायण मंदिर प्रसादी महोत्सव, तैयारियाँ पूरी

घाटवा में श्री देवनारायण मंदिर प्रसादी महोत्सव 21 अगस्त 2025, गुरुवार को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।इसके लिए आयोजित श्री देवनारायण मंदिर विकास समिति घाटवा की विशेष बैठक में सर्वसम्मति से ये निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी परंपरा अनुसार वार्षिक यह आयोजन घाटवा स्थित मंदिर प्रांगण में दादरवाल परिवार के सौजन्य से सम्पन्न होगा।

समिति अध्यक्ष एवं खारिया सरपंच डॉ. देवीलाल दादरवाल ने बताया कि महोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए समाजजनों की जिम्मेदारियाँ तय कर दी गई हैं। सभी परिवारजन पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस महोत्सव में सहभागी बनेंगे।

कार्यक्रम की रूपरेखा

21 अगस्त को सुबह 8 बजे से ही कुचामन के भाटा का बास, रामनगर की कांकड़िया की ढाणी, खान्या सिटी के लखजी का बास और गलकी से श्रद्धालुओं से भरी बसें घाटवा की ओर रवाना होंगी। 9:15 बजे भोमिया जी मोड़ से सभी बसों व निजी वाहनों की संयुक्त यात्रा निकलेगी। इसके बाद सुबह 10:15 बजे बालाजी चौराहा से भव्य पैदल यात्रा प्रारंभ होगी।
दोपहर 12:15 बजे मंदिर प्रांगण में महाआरती और दर्शन का लाभ मिलेगा। इसके उपरांत 1:15 बजे से शाम 6 बजे तक प्रसादी वितरण का कार्यक्रम चलेगा। रात्रि 8:15 बजे से भजन संध्या और जागरण का आयोजन होगा, जिसमें भजन मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

पारंपरिक परिधान और सांस्कृतिक संदेश

बैठक में यह भी तय किया गया कि यात्रा के दौरान पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा या धोती तथा महिलाएं पारंपरिक चुनरी/ओढ़नी धारण करेंगी। इस ड्रेस कोड से एकरूपता और सांस्कृतिक संदेश जाएगा। मातृशक्ति एवं बहिन-बेटियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रवासी परिजनों को भी आयोजन में सम्मिलित होने का निमंत्रण भेजा गया है।

समाज की एकता का प्रतीक

बैठक में घाटवा, नावां, लिचाना, लखजी का बास, कांकड़िया की ढाणी, भाटा का बास सहित दादरवाल परिवार के अनेक लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। पिथाराम, गंगाराम, अर्जुनराम, मोहनराम, छितर राम, श्यामलाल, रामदेव, कालूराम, महेश, रामचंद्र, श्यायोजी राम, संतोष, पप्पुराम, गणपतराम, गोरधनराम, पेमाराम, गंगाराम सहित अनेक कार्यकर्ता भी बैठक में उपस्थित रहे।

समिति ने कहा कि श्री देवनारायण मंदिर प्रसादी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह समाज की एकता, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है।

error: News 1 Rajasthan