कुचामन सिटी। नोबल विद्यालय द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से NTSE-2026 (नेशनल टैलेंट सर्च एग्जाम) के सफल प्रतिभागियों के लिए भव्य पुरस्कार एवं छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन सरला बिरला कल्याण मण्डपम् में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ हुआ। समारोह में जिला न्यायाधीश बी.एल. बुगालिया, कुचामन विकास समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा, नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल, पूर्व CBEO जगदीश चंद राय, राजकीय महाविद्यालय डेगाना के प्राचार्य जितेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रधानाचार्या सुमेधा सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके बाद NTSE परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रथम स्थान कृष्णा शर्मा (कुचामन) को 5100 रुपये,
द्वितीय स्थान अथर्व कुमावत को 2100 रुपये,
तृतीय स्थान चन्द्रकांता (राणासर) को 1100 रुपये प्रदान किए गए।

इसके साथ ही विभिन्न केंद्रों से प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 127 प्रतिभागियों को शील्ड, प्रमाण-पत्र एवं छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि 50% अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 30% छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत सभी बालिकाओं को 20% तथा अन्य प्रतिभागियों को 10% छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा ने बताया कि NTSE क्षेत्र की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य कक्षा 2 से 10 तक के मेधावी विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आगे की शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग देना है। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय निदेशक दलपत सिंह रूणिजा ने सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा विद्यार्थियों को भविष्य में विद्यालय व परिवार का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
