कुचामन सिटी। मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में रविवार को कुचामन शहर स्थित छीपा जमातखाने में हज यात्रा 2026 पर जाने वाले हज यात्रियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर हज जिला संयोजक शेख मईनुद्दीन अशरफी (मकराना) की देखरेख में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्रभर से आए हज यात्रियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर में जयपुर से आए दक्ष प्रशिक्षक गुलाम रसूल सहित सेवानिवृत्त अधिशाषी अभियंता दाउद अली खान, सहायक अभियंता उस्मान गनी खान, प्रधानाचार्य लियाक़त अली खान और आरीफ खान जैसे अनुभवी विशेषज्ञों ने हज यात्रा से जुड़ी बारीकियों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण के दौरान हज के विभिन्न अरकान, एहराम बांधने की विधि, हज की फर्जियत, उमरा, खाना-ए-काबा का तवाफ, जियारत-ए-मदीना मुनव्वरा और हज के पांच अहम दिनों की जानकारी सरल और व्यवहारिक तरीके से समझाई गई।

इसके साथ ही हज यात्रा के लिए जरूरी दस्तावेज, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां, सऊदी अरब में रहने-ठहरने की व्यवस्थाएं तथा यात्रा के दौरान अनुशासन और समूह समन्वय बनाए रखने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखते हुए ‘नुसुक ऐप’, ‘हज सुविधा ऐप’ और स्मार्ट वॉच के उपयोग के बारे में भी यात्रियों को जागरूक किया गया, ताकि वे यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा से बच सकें।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित हज यात्रियों ने अपने सवाल भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और संतोषजनक उत्तर दिया। सोसायटी पदाधिकारियों ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण शिविरों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को हर पहलू से तैयार करना है, ताकि उनकी हज यात्रा सुरक्षित, सुगम और सफल हो सके।
शिविर के समापन पर सभी हज यात्रियों का सोसायटी की ओर से गर्मजोशी से इस्तकबाल किया गया और उनकी सफल व सुरक्षित यात्रा के लिए दुआएं की गईं। इस अवसर पर कुचामन सिटी, मारोठ, मिठड़ी, परबतसर, मकराना, भदलिया और धनकोली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में हज यात्रियों ने भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सोसायटी के सदर मोहम्मद शकील, सेक्रेटरी अकीक अहमद उस्मानी, कोषाध्यक्ष इमरान खान, मोहम्मद हबीब मौलानी, सरवर तंवर, अनवर राव, मोहम्मद उमर मौलानी, याकूब मौलानी, शौकत अली खान, जावेद भाटी, तारीफ भाटी और नदीम अहमद कुरैशी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
