डीडवाना : अस्मिता–खेलो इंडिया प्रतियोगिता का भव्य समापन

डीडवाना में आयोजित दो दिवसीय “अस्मिता–खेलो इंडिया” बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साह और जोश के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि बालिकाओं में खेल के प्रति बढ़ती रुचि और समर्पण को भी उजागर किया।

खेलों के प्रति डीडवाना का जुनून झलकता है – एएसपी हिमांशु शर्मा

समापन समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने कहा कि खेल मानव विकास की अहम कड़ी हैं और खेलों से जुड़े लोग सात्विक, सादे, शांत और स्वस्थ जीवन जीते हैं। उन्होंने अपने दो वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि डीडवाना जिले के लोगों में खेलों के प्रति जबरदस्त जुनून देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि यहां के खेल मैदान हमेशा खिलाड़ियों से गुलज़ार रहते हैं और बास्केटबॉल के प्रति युवाओं, खासकर बालिकाओं में दीवानगी साफ दिखाई देती है। बालिका मैदान का खचाखच भरा होना इस बात का प्रमाण है कि स्थानीय संगठन निरंतर सराहनीय प्रयास कर रहे हैं।

टीम वर्क और समर्पण का परिणाम – अजीत सिंह राठौड़

राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि यह सफलता टीम वर्क का परिणाम है। डीडवाना का बास्केटबॉल परिवार बड़ा, संगठित और समर्पित है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, सुविधाओं और संसाधनों को प्राथमिकता देना ही संघ की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

आठ टीमों ने लिया हिस्सा, श्रीकांत क्लब बना विजेता

नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय बांगड़ उच्च प्राथमिक विद्यालय (पिलती स्कूल) के खेल प्रांगण में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में श्रीकांत क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि केएस राठौड़ क्लब द्वितीय और बीएम शास्त्री क्लब तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।

बालिकाओं को खेलों से जोड़ने की पहल

उल्लेखनीय है कि यह प्रतियोगिता भारत सरकार की “खेलो इंडिया” योजना के अंतर्गत “अस्मिता” पहल के तहत आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ाना और उन्हें सशक्त बनाना है। प्रतियोगिता में केवल छात्रा टीमों ने भाग लिया, जो महिला खेलों के बढ़ते दायरे का सकारात्मक संकेत है।

बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की रही मौजूदगी

समापन समारोह के दौरान नरपत सिंह राठौड़, अशोक सारस्वत, अमजद एच पठान, मोहम्मद नईम, गोविंद गुर्जर, सुरेश मारोठिया, गुलाब कच्छावा, अनंत शर्मा, शकीला परिहार खान, असलम खान नेपाली सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल संगठन के सदस्य और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan