डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के तबादले की खबर ने खेल जगत में भावुक माहौल बना दिया। अब वे जयपुर स्थित शासन सचिवालय में अपनी सेवाएं देंगे। जैसे ही एक अप्रैल को तबादले की सूचना सामने आई, जिले के खिलाड़ियों में मायूसी छा गई।

राजस्थान रणजी टीम के पूर्व खिलाड़ी रहे डॉ. खड़गावत का कार्यकाल खिलाड़ियों के लिए बेहद यादगार रहा। उनके नेतृत्व में पञ्च गौरव में बास्केटबॉल को शामिल किया गया, खिलाड़ियों को अन्य राज्यों की खेल अकादमियों में हवाई यात्रा के साथ प्रशिक्षण के अवसर मिले, राजकीय स्टेडियम की स्थिति में सुधार हुआ और खेल बजट के लिए सरकार से फंड भी स्वीकृत करवाया गया।
नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि पिलती स्कूल परिसर स्थित बास्केटबॉल मैदान में एनडीबीए द्वारा विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान डॉ. खड़गावत अपने परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचे।

समारोह में पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर भी मौजूद रहीं। खिलाड़ियों ने माला और साफा पहनाकर उनका अभिनंदन किया और अपने प्रिय अधिकारी को भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने कहा कि डॉ. खड़गावत का सहयोग और उनकी आत्मीयता हमेशा याद रखी जाएगी । उन्होंने अल्प समय में खेलों के लिए जो किया, उसके लिए खिलाड़ी सदैव आभारी रहेंगे।
अपने संबोधन में डॉ. खड़गावत ने कहा कि खेल समाज को स्वस्थ रखने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जब बच्चे मैदानों की ओर बढ़ते हैं, तो वे अपने भविष्य के प्रति सजग होते हैं और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहते हैं। उन्होंने भावुक शब्दों में भरोसा दिलाया कि वे जहां भी रहेंगे, खिलाड़ियों के हित में हमेशा तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने खिलाड़ियों से कहा कि अधिकारी आते-जाते रहते हैं, लेकिन आप यहीं रहकर मेहनत करते हैं, इसलिए पूरे समर्पण के साथ आगे बढ़ते रहें।
कार्यक्रम में भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, सुरेश वर्मा, रमाकांत सारस्वत, नरपत सिंह राठौड़, अमजद एच. पठान, अनंत शर्मा, विवेक रंजन सिंह, एडवोकेट वीपी सिंह राठौड़, सुरेश मारोठिया, अशोक शर्मा, मोहम्मद नईम, ओम प्रकाश मोदी, डॉ. बजरंग सिंह जोधा, जय प्रकाश पसारी, गोविंद गुर्जर, इमरान खान कांबली, असलम नेपाली, गुलाब कच्छावा सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
