कुचामनसिटी में श्री दिगंबर जैन महासमिति मंडल द्वारा आदिनाथ जयंती से महावीर जयंती तक आयोजित घर-घर मंगलाचार कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत तेरापंथी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और भजनों के साथ भक्तामर आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 48 दीपकों से भगवान की भव्य आरती उतारी गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में सराबोर हो उठा।

नेहा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर भजनों और आरती के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान की आराधना की। इसके पश्चात सोनाली पहाड़िया, मीरा पांड्या, अनुराधा, जिज्ञासा झंझरी, स्वाती काला और पहाड़िया द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। वहीं नन्हे बच्चों और बालिकाओं ने भी सुंदर प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा।
महासमिति मंडल की मंत्री श्रीमती कल्पना बज ने बताया कि कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका महिलाओं ने भक्ति भाव से आनंद लिया। साथ ही महावीर भगवान पर आधारित प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में महासमिति मंडल की अध्यक्षा रीमा सेठी ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। वहीं कोषाध्यक्ष अंशु पाहाड़िया ने कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर किरण देवी, मुन्नी देवी, झंझरी रानी पाटनी, संतोष डोसी, वर्षा झांझरी, उषा झांझरी, मीरा, निशा पांड्या, कविता बज, विमला, संतोष देवी बज, शोभा रावका सहित दिगंबर जैन समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
