समाजिक समरसता और पारिवारिक मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में गौड़ ब्राह्मण महासभा राजस्थान आगामी 22 मार्च को जयपुर में अंतर्राष्ट्रीय विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। यह भव्य सम्मेलन विद्याधर नगर स्थित गौड़ ब्राह्मण समाजोपयोगी भवन, भगवान परशुराम परिसर, सेक्टर-4 में संपन्न होगा, जहां प्रदेश ही नहीं बल्कि देश-विदेश से भी समाजबंधुओं की सहभागिता रहने की संभावना है।

संगठन के नागौर एवं डीडवाना–कुचामन जिलाध्यक्ष गिरिराज खरींट ने जानकारी देते हुए बताया कि महासभा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह परिचय सम्मेलन समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक सशक्त और विश्वसनीय मंच साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बदलते सामाजिक परिवेश में ऐसे आयोजनों की आवश्यकता और भी बढ़ गई है, जहां परिवार एक ही स्थान पर आकर योग्य रिश्तों के बारे में सकारात्मक संवाद कर सकें।
खरींट ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और पूरे राजस्थान में समाज बंधुओं से संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। महासभा के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न जिलों और तहसीलों में बैठकों का आयोजन कर अधिक से अधिक परिवारों तक पंजीकरण फॉर्म उपलब्ध करवाने की रणनीति बनाई गई है, ताकि कोई भी इच्छुक परिवार इस अवसर से वंचित न रहे।

अब तक 51 हजार परिवार हो चुके लाभान्वित
जानकारी के मुताबिक अब तक 51 हजार से अधिक परिवार इस व्यवस्था का लाभ उठा चुके हैं, जो स्वयं इस आयोजन की विश्वसनीयता और सफलता का प्रमाण है। महासभा का उद्देश्य केवल विवाह तय करवाना नहीं, बल्कि संस्कारों और परंपराओं को सहेजते हुए समाज को संगठित और सुदृढ़ बनाना है।
महासभा पदाधिकारियों ने समाज के सभी विवाह योग्य युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेकर इस सामाजिक पहल को सफल बनाएं।
