परबतसर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: साइबर फ्रॉड व ऑनलाइन गेमिंग से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के तीन सरगना गिरफ्तार


डीडवाना-कुचामन जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले की परबतसर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाली संगठित गैंग के मुख्य सरगना तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देशन में की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया तथा वृताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में परबतसर थाना प्रभारी सुमन बुंदेला और उनकी टीम ने गच्छीपुरा थाने में दर्ज प्रकरण में यह कार्रवाई की। इससे पहले इसी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे तथा एक बालक को निरुद्ध किया गया था।


पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी
9 फरवरी 2026 को गच्छीपुरा पुलिस ने ग्राम झलाममिलया में ऑनलाइन गेमिंग और अन्य तरीकों से साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुनिल डसानियां, महेन्द्र सारेड़िया और रघुवीर को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 44 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट, 9 लैपटॉप, 82 एटीएम कार्ड, 2 बायोमेट्रिक मशीन, 5 सिम कार्ड, 22 बैंक पासबुक और 6 चेक बुक बरामद की गई थीं। इस संबंध में प्रकरण संख्या 10/2026 विभिन्न धाराओं में दर्ज कर जांच सुमन बुंदेला को सौंपी गई थी।


मास्टरमाइंड सहित तीन गिरफ्तार
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर गिरोह के मुख्य सरगना अमित कुमार खीचड़, संदीप उर्फ चिंकू और सौरभ सतलानी को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 8 महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन (आईफोन सहित) और 1 लैपटॉप जब्त किया गया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में और खुलासे होने की संभावना है।


गिरफ्तार आरोपी
अमित कुमार पुत्र तेजाराम खीचड़ (27), निवासी छोटी खाटू, थाना खुनखुना, जिला डीडवाना-कुचामन।
संदीप उर्फ चिंकू पुत्र मुन्नालाल (25), निवासी खातियों का मोहल्ला, छोटी खाटू, थाना खुनखुना, जिला डीडवाना-कुचामन।
सौरभ सतलानी पुत्र राजेश सतलानी (27), निवासी पंचवटी कॉलोनी, लालघाटी, थाना कोहेफिजा, जिला भोपाल (मध्यप्रदेश)।


ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
आरोपी अज्ञात लोगों को रुपये का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद उन्हीं खातों का उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम जमा और निकासी के लिए किया जाता था। ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया ने बताया कि साइबर अपराधों के खिलाफ जिला पुलिस सख्त अभियान चला रही है। इस गिरोह ने सुनियोजित तरीके से बैंक खातों का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की है। उन्होंने कहा कि मामले में गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


टीम में ये रहे शामिल
सुमन बुंदेला पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी परबतसर ने कार्रवाई का नेतृत्व किया। गरिमा चौधरी आरपीएस प्रोबेशनर ने जांच में सहयोग किया। गजेन्द्र सिंह हेड कांस्टेबल डीएसटी, सुरेन्द्र सिंह कांस्टेबल डीएसटी, सुशील कांस्टेबल डीएसटी, कमलेश कांस्टेबल डीएसटी, कमलेश कांस्टेबल पुलिस थाना परबतसर, भारत सिंह कांस्टेबल पुलिस थाना परबतसर और भंवरलाल कांस्टेबल पुलिस थाना परबतसर ने अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई।


पुलिस की अपील
साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। साइबर फ्रॉड गिरोह की सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और सूचना पर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: News 1 Rajasthan