राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के तहत कुचामन सिटी में श्रमिकों को सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान का आयोजन आरयूआईडीपी के अधीक्षण अभियंता श्री नेमीचंद पंवार के निर्देशन में, अधिशाषी अभियंता श्री राजकुमार मीना के मार्गदर्शन में तथा सहायक अभियंता श्री अनिल सैनी के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम शहर की नई पेयजल वितरण प्रणाली एवं सीवरेज परियोजना पर कार्यरत श्रमिकों के लिए सी. डब्ल्यू. आर. साइट एईन कैम्पस, कुचामन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करने, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने तथा स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेन्द्र सिंह ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन अनमोल है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक श्रमिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे कार्य करते समय हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, जूते और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। इस अवसर पर सभी श्रमिकों को सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई, ताकि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैप की सविता शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की नींव है। उन्होंने बताया कि साफ-सफाई से मानसिक और शारीरिक दोनों तरह से लाभ मिलता है और अच्छा स्वास्थ्य ही बेहतर जीवन की कुंजी है। उन्होंने श्रमिकों से आग्रह किया कि वे कार्यस्थल के साथ-साथ अपने आसपास भी स्वच्छता बनाए रखें, जिससे बीमारियों से बचाव हो सके।
इस अवसर पर एल. एंड टी के किशन सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न श्रमिक हितकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया, ताकि वे अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बना सकें।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और विशेषज्ञों ने श्रमिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया। RUIDP का यह प्रयास न केवल श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि स्वच्छ और सुरक्षित कार्यस्थल की ओर भी मजबूत संदेश देता है।
