कुचामन सिटी में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को “सुशासन दिवस” के रूप में श्रद्धा, सम्मान और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष नथमल शर्मा, मंडल महामंत्री राजेंद्र सिंह और सुरेश कड़वा ने अटल बिहारी वाजपेयी के प्रेरणादायी जीवन और विचारों के बारे में जानकारी दी और कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित को समर्पित किया। उनके नेतृत्व में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय और सुशासन की सोच आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं।
इस मौके पर नगर परिषद कुचामन सिटी के सभापति सुरेश सिखवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि विचार, संवेदना और सुशासन की जीवंत मिसाल थे। उन्होंने कहा कि अटल जी का सपना एक मजबूत, समावेशी और विकासशील भारत का था, जिसे साकार करने के लिए हमें ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

वहीं भाजपा कुचामन शहर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मारवाड़ा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सुशासन दिवस का उद्देश्य केवल स्मरण करना नहीं, बल्कि अटल जी के सिद्धांतों को आत्मसात कर जनता की सेवा में समर्पित भाव से कार्य करना है। भाजपा कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चलकर संगठन और समाज को मजबूत बनाने के लिए संकल्पित हैं।
कार्यक्रम के अंत में अनंत तिवारी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सुशासन की शपथ दिलाई, जबकि मंडल अध्यक्ष बाबूलाल मारवाड़ा ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

इस आयोजन में नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल, भाजपा कुचामन शहर अध्यक्ष बाबूलाल मारवाड़ा, जिला नागौर देहात सदस्य राजेंद्र कुमावत, खेताराम सिसोदिया, अयूब शेख, पार्षद नरसीराम कुमावत सहित भागीरथ कुमावत, तुलसीराम कुमावत, , मंडल महामंत्री जसराज खुड़ीवाल, मंडल उपाध्यक्ष किशन गुर्जर, ओमप्रकाश सेन, श्यामसुंदर कुमावत, अनिल जैन, गोपाल आईथान, महेश खोखरिया, गिरिराज शर्मा, टीकमचंद कुमावत, रमेश चावला, बालकिशन शर्मा, ललित चौधरी, मुकेश कुमावत, अविनाश राजोरिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
