राज्य सरकार के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सुशासन पखवाड़ा” के अंतर्गत प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भारतीय जनता पार्टी राजस्थान ने 200 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार जारी सूची में नागौर देहात जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को मकराना विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नियुक्ति के बाद विजय सिंह पलाड़ा मकराना विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेंगे तथा संगठनात्मक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारेंगे। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के मकसद से सौंपी है।
इस अवसर पर विजय सिंह पलाड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इन उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना और संगठन को और अधिक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि मकराना विधानसभा में सभी कार्यक्रम संगठनात्मक अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित किए जाएंगे।

पलाड़ा ने इस दायित्व के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ तथा नागौर देहात(डीडवाना – कुचामन) जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
