विद्यार्थियों को जल संरक्षण एवं सीवरेज प्रणाली के प्रति किया जागरूक

कुचामन शहर में नई पेयजल वितरण प्रणाली और सीवरेज परियोजना के तहत राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) द्वारा राजकीय जवाहर उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन, अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीणा के मार्गदर्शन और सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जल संरक्षण, सीवरेज व्यवस्था और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व से अवगत कराया गया।

नई जल प्रदाय योजना से मिलने वाले लाभ बताए


कैप के सामाजिक विकास विशेषज्ञ देवेंद्र सिंह ने बच्चों को समझाया कि नई जल प्रदाय योजना से घरों में पर्याप्त पानी और बेहतर प्रेशर मिलेगा। उन्होंने जलमीटर के फायदे बताते हुए कहा कि इससे पानी की अनावश्यक बर्बादी रुकेगी और उपभोक्ता उतना ही भुगतान करेंगे जितना पानी उपयोग होगा। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे पानी की हर बूंद बचाने की आदत डालें, क्योंकि “आज की बचत ही कल का भविष्य है।”

सीवरेज प्रणाली से स्वच्छता और स्वास्थ्य लाभ


कैप की सविता शर्मा ने सीवरेज लाइन से घरों को जोड़ने की प्रक्रिया बताते हुए कहा कि इससे शहर साफ-सुथरा होगा, मच्छर-मक्खी कम होंगे और गंदगी से फैलने वाली बीमारियां घटेंगी। उन्होंने बताया कि सीवरेज प्रणाली भूमिगत जल प्रदूषण रोकती है और जलजनित बीमारियों से लगभग 70 प्रतिशत तक बचाव करती है। इससे घरों में सीलन कम होती है और मरम्मत पर खर्च भी घटता है।

विद्यालय परिवार ने सहभागिता का दिया संदेश


विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने RUIDP परियोजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में शहर को इन विकास कार्यों से बड़ा लाभ मिलेगा और यह सभी की जिम्मेदारी है कि परियोजना में सहयोग दें।

उप प्रधानाचार्या सीमा ने जल संरक्षण के उपाय बताते हुए विद्यार्थियों को जल बचत की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पानी को किसी भी परिस्थिति में बर्बाद न किया जाए और दूसरों को भी ऐसा करने से रोका जाए। शिक्षिका मनोरमा ने कहा कि विद्यालयों में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम होते रहने चाहिए ताकि बच्चों की भागीदारी से सरकार की लाभकारी योजनाओं को गति मिल सके। इसके अलावा शिक्षिकाएँ सरोज शेखावत, संतोष देथा, सोनू सोनी, पूनम मौना, हंसा चौहान तथा एल एंड टी के किशन सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।

error: News 1 Rajasthan