रमेश रूलानिया हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी :वारदात का मास्टरमाइंड जीतू चारण गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजा गया

रमेश रूलानिया हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी :वारदात का मास्टरमाइंड जीतू चारण गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजा गया

दिल्ली से कड़ी सुरक्षा में कुचामन लाया गया आरोपी

कुचामन सिटी के बहुचर्चित कारोबारी रमेश रूलानिया हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात अपराधी और हत्याकांड का मास्टरमाइंड माने जा रहे जीतू चारण को दिल्ली से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर कुचामन लाया गया। जीतू चारण हाल ही में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा था, जिसके बाद कुचामन पुलिस ने उसे अपने केस में कस्टडी में लेने की कार्रवाई शुरू की।

नावां न्यायालय में पेश, एक दिन के रिमांड पर सौंपा गया

दिल्ली पुलिस की विशेष टीम के साथ कुचामन पुलिस आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच लेकर आई और कुछ देर नावां थाने में रखने के बाद नावां अदालत में पेश किया। औपचारिकताएँ पूरी होने पर कोर्ट ने जीतू चारण को एक दिन की पुलिस रिमांड पर कुचामन पुलिस को सौंप दिया है।

गैंग का अहम सदस्य, साजिश का मास्टरमाइंड होने के संकेत

डीडवाना – कुचामन एसपी ऋचा तोमर ने बताया कि जांच में यह सामने आया है कि जीतू चारण गैंगस्टर वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा गिरोह का सक्रिय सदस्य रहा है। रूलानिया हत्याकांड की साजिश में उसने मास्टरमाइंड की भूमिका निभाई तथा गैंग और शूटर्स के बीच पुल का काम किया।पुलिस के मुताबिक हत्याकांड के लिए शूटर्स को तैयार करने की जिम्मेदारी जीतू की थी। मुख्य आरोपियों—गणपत, जुबेर, धर्मेंद्र और रमेश—को हथियार उपलब्ध कराना भी उसी की भूमिका में शामिल था। गैंग की आर्थिक गतिविधियाँ, भुगतान और लॉजिस्टिक मैनेजमेंट भी वह ही संभालता था।

अब हथियार सप्लाई, फंडिंग और नेटवर्क पर पूछताछ

कुचामन थानाधिकारी सतपाल सिहाग ने बताया कि कुचामन पुलिस अब जीतू चारण से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश करेगी कि शूटर्स को हथियार कैसे उपलब्ध करवाए गए? हत्याकांड की पूरी योजना किस स्तर पर बनाई गई? गैंग की फंडिंग किस स्रोत से होती थी?
स्थानीय नेटवर्क में कौन–कौन शामिल था? पुलिस को उम्मीद है कि जीतू चारण से पूछताछ में हत्याकांड की साजिश से जुड़े कई अहम राज सामने आएंगे और गैंग के पूरे नेटवर्क की कड़ियाँ उजागर हो सकेंगी।

error: News 1 Rajasthan