परबतसर में मंगलवार देर रात दो अलग-अलग जगहों पर लगी भीषण आग ने अफरा-तफरी मचा दी। दोनों घटनाओं में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।

पहली आग रात करीब 10 बजे किला कॉलोनी में लगी, जहां एक खाली बाड़े में अचानक आग भड़क उठी। तेज लपटों और धुएं को देखकर आसपास के घरों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

दूसरी घटना रानी बाजार क्षेत्र में तड़के करीब 2:30 बजे की है। यहां एक कपड़े की दुकान में ऊपर और नीचे दोनों मंजिलों पर अचानक आग लग गई। रात के सन्नाटे में उठते धुएं को देखकर राकेश बंजारा ने दुकान मालिक रामनिवास सियाक को सूचना दी, वहीं विजय कुमार लखारा ने तत्काल फायर ब्रिगेड स्टेशन पहुंचकर मदद मांगी। दमकल टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय नागरिकों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। इस दौरान दुकान में रखा सारा कपड़ा जलकर राख हो गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ।

आग बुझाने में नगर पालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश सैन, व्यापार मंडल सेवा समिति के अध्यक्ष रोहित जैन, सहित चन्द्रप्रकाश बागड़ा, विजय बंजारा, राकेश सोनी, छगनलाल गोयर, मिथुन गोयर, शेरू गोयर आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने की संभावना जताई जा रही है।



