राजस्थान की प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारक नियुक्त किया है। AICC द्वारा जारी सूची में सारिका सिंह का नाम शामिल किया गया है।

यह नियुक्ति कांग्रेस संगठन द्वारा उन नेताओं को दी जाती है जो पार्टी की विचारधारा और जनसंदेश को जनता तक प्रभावशाली ढंग से पहुँचाने में सक्षम माने जाते हैं।
नेतृत्व ने जताया विश्वास
इस ज़िम्मेदारी के लिए सारिका सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का हृदय से आभार जताया है।

उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी न सिर्फ उनके लिए गर्व का विषय है, बल्कि राजस्थान की हर उस महिला कार्यकर्ता के सम्मान की बात है जो कांग्रेस के सिद्धांतों और जनसेवा की भावना के साथ मैदान में कार्य कर रही है।
“जनता के बीच कांग्रेस का संदेश पहुँचाना मेरा कर्तव्य” — सारिका सिंह
सारिका सिंह ने कहा, “पार्टी ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, मैं उसे पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ निभाऊंगी। अंता उपचुनाव में कांग्रेस की नीतियों, विकास कार्यों और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर हम सब एकजुट हैं। राहुल गांधी जी का ‘भारत जोड़ो’ संदेश हर घर तक पहुँचाना हमारा संकल्प है।”

महिला नेतृत्व को मिली नई ऊर्जा
सारिका सिंह की नियुक्ति को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रेरणादायी कदम बताया है। उनका कहना है कि यह फैसला महिला सशक्तिकरण की दिशा में पार्टी की सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज
राजस्थान के राजनीतिक गलियारों में इस घोषणा के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। माना जा रहा है कि सारिका सिंह की सक्रिय और प्रभावशाली उपस्थिति अंता उपचुनाव में कांग्रेस के प्रचार अभियान को नई धार देगी।

