कुचामन सिटी। वर्ल्ड फिजियोथैरेपी दिवस के मौके पर सर्व महिला मंडल मंच के तत्वावधान में रविवार को फिजियो हॉस्पिटल कुचामन सिटी में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच करवाई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

संतों ने किया शिविर का शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ बरवाली बालाजी धाम के संत श्री श्री 1008 रघुवर दास जी महाराज, श्री श्री 1008 बालक दास जी महाराज बरवाला, पगलया वाले बाबा धाम के श्री श्री रामेश्वर लाल जी एवं अन्य संत जनों के करकमलों से हुआ।
कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी रहे उपस्थित
इस अवसर पर बीजेपी जिला अध्यक्ष श्रीमती सुनीता रांदड़, जिला महासचिव देवीलाल दादरवाल, एडवोकेट राजेश गुर्जर, सुनील चौधरी, राजकुमार फौजी, युवा नेता राजेंद्र कुमावत, भींवाराम कुमावत (लैब सुप्रीडेंट), शिवभगवान , डॉ. सत्यनारायण कुमावत, डॉ. राजेश चौधरी, डॉ. रामनिवास बिजारणियां, डॉ. शकील राव, डॉ. राजेश बारूपाल, बाबूलाल कुमावत (सीनियर रेडियोग्राफर नावा), ओमप्रकाश बारवाल, आर.पी. धाकड़, सरपंच नानूराम लीचाना, मोहनराम किरडोलियों (पदमपुरा), लक्ष्मणराम लहरी (जूसरी), मनमोहन दहिया (रसाल), महेश जांगिड़ (बरवाला) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

343 मरीजों ने कराया उपचार और जांच
डॉ. हरीश कुमावत ने बताया कि शिविर में कुल 343 मरीजों ने विभिन्न जांचों एवं परामर्श का लाभ लिया। इनमें बीएमडी हड्डी की जांच, वीपीटी नसों की कमजोरी की जांच, डायबिटिक न्यूरोपैथी जांच, मसल्स स्ट्रेंथ टेस्ट, हीमोग्लोबिन टेस्ट, बीएमआई मोटापा जांच और अन्य कई मेडिकल टेस्ट शामिल रहे।
हड्डियों की सेहत पर चिंता जताई
डॉ. हरीश कुमावत ने कहा कि आजकल लोगों की शारीरिक गतिविधियां काफी कम हो गई हैं, जिसके कारण सेहत बिगड़ रही है। उन्होंने चिंता जताई कि शिविर में 343 मरीजों में से केवल 30 मरीजों की हड्डियों की जांच नॉर्मल पाई गई, जो गंभीर स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने आमजन के नाम संदेश जारी करते हुए कहा कि “आज की भागदौड़ वाली जिंदगी में लोग शरीर को चलाना भूल गए हैं, जबकि रोजाना कम से कम 6000 से 10000 कदम चलना जरूरी है। इससे शुगर और बीपी जैसे रोगों पर नियंत्रण पाया जा सकता है।”

लोगों ने जाना स्वास्थ्य का महत्व
शिविर में शामिल भाजपा जिलाध्यक्ष सुनीता रांदड़ ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर लगने चाहिए। उन्होंने खुशी जताई कि उनकी जांच रिपोर्ट्स नॉर्मल आईं और बताया कि उन्हें अब अपनी हड्डियों की सेहत के प्रति और जागरूकता आई है।
फिजियो हॉस्पिटल चलाता रहेगा जागरूकता अभियान
इस अवसर पर डॉ. कुमावत ने भरोसा दिलाया कि फिजियो हॉस्पिटल समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित करता रहेगा ताकि लोग समय रहते अपनी सेहत के प्रति सतर्क हो सकें और गंभीर बीमारियों से बचाव कर सकें।
