कुचामन सिटी में राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगरपरिषद् परिसर में बुधवार को शहरी सेवा शिविर-2025 का शुभारंभ किया गया। शिविर की शुरुआत अतिरिक्त जिला कलक्टर राकेश गुप्ता और उपखंड अधिकारी विश्वामित्र मीणा की मौजूदगी में हुई, जबकि नगरपरिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने शिविर की रूपरेखा और उद्देश्य बताए।

वार्ड 1 से 3 के लिए आयोजित पहला शिविर
आज आयोजित शिविर में सबसे पहले वार्ड नंबर 1, 2 और 3 के नागरिकों को शामिल किया गया। यहां शहर की सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, आवारा पशुओं पर रोकथाम, सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क, पार्क, सामुदायिक केंद्र और रैन बसेरा जैसे सार्वजनिक स्थलों के रख-रखाव से जुड़े मामलों का समाधान किया गया। इसके साथ ही राजकीय जनहित योजनाओं की स्वीकृति, जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और डेयरी बूथ अनुज्ञा-पत्र जारी करने जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

त्वरित निस्तारण से मिला लाभ
शिविर में कुल 31 प्रकरणों का निस्तारण हुआ, जिनमें कृषि भूमि नियमन का 1 प्रकरण, भवन निर्माण स्वीकृति के 2 प्रकरण, नामांतरण के 6 प्रकरण, यूडी टैक्स के 4 प्रकरण, जन्म-मृत्यु पंजीकरण के 18 प्रकरण और स्ट्रीट लाइट मरम्मत के 4 प्रकरण शामिल रहे। शिविर के दौरान नगरपरिषद को लगभग तीन लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
आवास योजना से मिला संबल
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को किश्त जारी की गई, जिससे उनके मकान निर्माण का सपना साकार करने में मदद मिली।

विभागों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी
शिविर में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, सार्वजनिक निर्माण, चिकित्सा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और राजस्व विभाग सहित कई विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान नगरपरिषद सचिव शिकेश कांकरिया, सहायक प्रशासनिक अधिकारी महेश कुमार, शिविर प्रभारी ललित कुमार, कनिष्ठ अभियंता जुगलकिशोर, वरिष्ठ प्रारूपकार सुरेंद्र कुमार, कार्यवाहक मु. स्व.नि. राजेंद्र कुमार समेत परिषद के अन्य कर्मचारी भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
