पैगंबर मुहम्मद साहब का 1500वां जन्मदिवस : कुचामन सिटी में शुक्रवार को निकाला जाएगा जुलूस-ए-मुहम्मदी
तीन दिनों तक होंगे विभिन्न धार्मिक आयोजन

इस्लाम धर्म के आखिरी पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब का 1500वां जन्मदिवस 5 सितम्बर को दुनियाभर में ईद मिलादुन्नबी के रूप में मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में कुचामन सिटी में भ धार्मिक उत्साह चरम पर रहेगा और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे ।
मदरसा इस्लामिया सोसायटी के सचिव मोहम्मद इकबाल भाटी ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8 बजे पलटन गेट स्थित मिर्जा मस्जिद से जुलूस-ए-मुहम्मदी का शुभारंभ होगा। यह जुलूस पुराना बस स्टेशन, स्टेशन रोड, शहीद फैज मोहम्मद सर्किल, गौशाला मार्ग, लुहारिया मोहल्ला, अंबेडकर सर्किल, आथूना दरवाजा, पुरानी धान मंडी, घाटी कुआं, खान मोहल्ला, हौद का दरवाजा, छीपा मोहल्ला, सूरजपोल, गुलजारपुरा और व्यापारी मोहल्ला होते हुए विनायक कॉम्प्लेक्स से वापस छीपा मोहल्ला पहुंचेगा। जुलूस का समापन इमामचौक पर किया जाएगा।
रविवार को बच्चों का विशेष कार्यक्रम
सोसायटी के कोषाध्यक्ष इस्माइल शाह ने जानकारी दी कि 7 सितम्बर की सुबह गुलाबबाड़ी स्थित मदरसा इस्लामिया सोसायटी बालिका विद्यालय में बच्चों के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें विद्यार्थी नात, किरत, तकरीर और सवाल-जवाब प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले बच्चों को संस्था की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

7 सितम्बर की रात महफिल-ए-मिलाद
कार्यक्रमों की श्रृंखला में 7 सितम्बर की रात मोहल्ला लुहारान में महफिल-ए-मिलाद आयोजित होगी। आयोजन समिति के सदस्य शकील चुड़ीगर ने बताया कि इस अवसर पर पैगंबर मुहम्मद साहब के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर तकरीर होगी। इसमें शहर के तमाम उलेमा हजरात शरीक होंगे।
5 सितम्बर को ड्राई डे घोषित करने की मांग
इस मौके पर मदरसा इस्लामिया सोसायटी की ओर से बुधवार को उपखंड कार्यालय कुचामन के जरिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को पत्र भेजा गया। सोसायटी ने मांग की है कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस पर 5 सितम्बर को प्रदेशभर में शराब के ठेके बंद रखे जाएं और शुक्रवार को ड्राई डे घोषित किया जाए । सोसायटी सदस्य जावेद शेख और अब्बास खान कामरेड ने बताया कि इस दिन को पूर्ण धार्मिक श्रद्धा और पवित्रता के साथ मनाए जाने की अपील की गई है।
