“माँ-बाप का सपना और दादा की प्रेरणा बनी ताकत, कुचामन की नालंदा स्कूल के छात्र दक्ष जांगिड़ का एनडीए में चयन”

कुचामन सिटी के डीडवाना रोड स्थित नालन्दा पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी रहे दक्ष जांगिड़ ने इतिहास रच दिया है । दक्ष का एनडीए 155 एसएसबी में चयन हुआ है। दक्ष ने यह उपलब्धि हासिल कर न केवल परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय और कुचामन सिटी को गौरवान्वित किया है।

दक्ष के पिता सुरेंद्र जांगिड़ व्यवसायी हैं, जबकि माता ममता जांगिड़ नालन्दा पब्लिक स्कूल में वाइस प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। उनके दादा भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं और उन्होंने ही पोते को सेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। परिवार की इस परंपरा और संकल्प ने दक्ष को यह मुकाम हासिल करने में मदद की।

नालंदा विद्यालय की प्रिंसिपल ललिता वर्मा पारीक ने कहा कि “दक्ष ने अपनी मेहनत और लगन से यह सफलता अर्जित की है। यह हम सबके लिए गर्व की बात है कि हमारे विद्यालय का विद्यार्थी अब लेफ्टिनेंट के पद पर सेना की सेवा करेगा।”

विद्यालय निदेशक बंशीलाल कांसोटिया ने कहा कि “दक्ष ने नालन्दा पब्लिक स्कूल का नाम गौरवान्वित किया है। उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।”

दक्ष की कामयाबी पर मां ममता जांगिड़ ने भावुक होते हुए कहा कि “मेरा बेटा देशसेवा की राह पर कदम बढ़ा रहा है, इससे बड़ा गर्व किसी माँ के लिए नहीं हो सकता। मैं चाहती हूँ कि वह ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे और हमेशा परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन करे।”

गौरतलब है कि दक्ष ने नालन्दा पब्लिक स्कूल में कक्षा 5 से 10वीं तक अध्ययन किया। उनकी इस सफलता पर शिक्षिकाएँ पूनम राठौड़, काजल शर्मा, रेखा सैनी, ममता जांगिड़, सुशील अग्रवाल, अजय वैष्णव और कीर्ति पारीक सहित पूरे स्टाफ ने हर्ष व्यक्त किया।

दक्ष का यह चयन इस बात का संदेश देता है कि समर्पण, परिवार का मार्गदर्शन और शिक्षकों का सहयोग किसी भी विद्यार्थी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा सकता है।

error: News 1 Rajasthan